सिंधी समाज के लिए भाजपा ने कुछ नहीं किया: कमलनाथ
खबर नेशन / Khabar Nation
सिंधी समाज सीमित नहीं, हर व्यक्ति मेहनती होता है, उससे कई वर्ग जुड़े हुए हैं: कमलनाथ
सिंधी कल्याण समिति का प्रांतीय सम्मेलन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संपन्न, 20 से अधिक शहरों के प्रतिनिधि हुए शामिल
भोपाल: सिंधी समाज का अधिकांश व्यक्ति व्यवसाय से जुड़ा और मेहनती होता है, इस वर्ग में कोई भी व्यक्ति मजदूर नहीं मिलेगा। अपनी मेहनत से अपना बिजनेस खड़ा करता है। सिंधी समाज केवल सिंधी समाज तक सीमित नहीं है, उससे कई समाज के लोग जुड़े होते हैं। भाजपा के लोग केवल इस समाज का उपयोग करते हैं लेकिन आज तक इस समाज के लिए किया कुछ नहीं है। हमारा व्यापार, धंधा सही चलेगा तो प्रदेश और देश की आर्थिक गतिविधि बनेगी लेकिन इस भ्रष्ट भाजपा राज में कोई उद्योगपति प्रदेश में निवेश करने को तैयार नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने म.प्र.कांग्रेस राज्य स्तरीय सिंधी कल्याण समिति के तत्वाधान में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन आज यह बात कही।
कमलनाथ ने सिंधि समाज के प्रतिनिधियों के प्रांतीय सम्मेलन में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सिंधी समाज ने कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में कितनी जातियां, है, कितने धर्म, कितने त्यौहार है, कितनी रस्में और रीति-रिवाज है, कितनी भाषाएं हैं लेकिन फिर भी सभी धर्मों के लोग एक झंडे के नीचे खड़े हैं। इसका कारण यह है कि भारत की संस्कृति दिल जोड़ने, रिश्ते जोड़ने और भाईचारे की संस्कृति है और जो भारत की संस्कृति है वहीं कांग्रेस की संस्कृति है। आज उसी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। हमारा संविधान खतरे में है। यदि हमारे देश का संविधान गलत हाथों में चला जाएगा तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य क्या होगा।
श्री नाथ ने कहा कि हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है? प्रदेश के नौजवानों का भविष्य अंधकार में रहेगा तो प्रदेश का नवनिर्माण कैसे होगा? प्रदेश महिलाओं पर अत्याचार में नंबर एक पर है, बेरोजगारी में नंबर वन है, किसानों पर अत्याचार में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नबंर वन पर है। कुपोषण घोटाला हाल ही में सामने आया है। सबसे ज्यादा कुपोषण घोटाला शिवपुरी में हुआ और मोदी जी वहां चीते के कार्यक्रम में जा रहे हैं। क्या यही हमारे प्रदेश की तस्वीर है?
भगवानदेव ईसरानी ने कहा कि सिंधी समाज के लिए 70 सालों के इतिहास में जो भी किया वह कांग्रेस पार्टी और उनकी सरकारों ने ही किया है। भाजपा ने इस वर्ग का केवल उपयोग कर उसका शोषण किया है। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज के हितों के संरक्षण की दिशा में कार्य करने, समाज और पार्टी में उचित समन्वय स्थापित करनें एवं इस समाज को चुनावों और कांग्रेस संगठन में उचित प्रतिनिधित्व की बात कहीं।
समिति के संरक्षक समाज सेवी ईश्वरलाल झामनानी ने कहा कि कि इस समाज में जो चेतना और जागृति आयी है, विश्वास है वर्ष 2023 में कांग्रेस की सरकार बनेगी और सिंधी समाज के कल्याण के लिए कार्य करेगी। राज्य स्तरीय इस समिति द्वारा जल्द ही जिला समितियों को गठन भी किया जायेगा। प्रदेश के सिंधी समुदाय के पार्षदों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
समिति के प्रदेश संयोजक दिनेश मेघानी ने उपस्थित सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग 20 से अधिक जिलों में सिंधी समाज निवासरत है जो अपनी मेहनत और लगन से अपना धंधा, व्यापार करता है। भाजपा राज में इस वर्ग पर अत्याचार हो रहा है।
समिति ने कमलनाथ जी से आग्रह करते हुए कहा कि सिंधी विस्थापितों को धारित जमीन के पटटे देनें का काम आज भी लंबित है, सिंधी भाषा के शिक्षकों के सभी पद समाप्त कर दिये गये हैं, प्रदेश के कई शहरों के नागरिकता के मामले मंत्रालय के गृह विभाग सहित इन्दौर और भोपाल में लंबित हैं, इस सभी समस्याओं के निराकरण सहित समाज के योग्य नेताओं को प्रदेश संगठन और आगामी चुनावों में कांग्रेस सरकार बनने पर उचित प्रतिनिधित्व दिया जाये।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, महामंत्री और प्रकोष्ठों के प्रभारी जे.पी.धनोपिया, सिंधी कल्याण समिति के प्रतिनिधिगण महेश गुलवानी, नरेश ज्ञानचंदानी, मनोज राजानी, प्रहलाद सिंह, त्रिलोक दीपानी, रमेश सहबानी, अजय सितलानी, अरुण रोचवानी, कन्हैयालाल पोहानी, नन्दकिशोर डोडानी, भीषम राजपूत ,दिनेश पुरस्वानी, धरम दास मिहानी, अशोक वाधवानी, रितेश नोतनानी, ,कमल कामदार,, मुकेश सचदेव, विक्रम सहजवानी सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ नागरिक और कांग्रेसजन उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999