आनंद विभाग फ्लाप, विभागों, मंडलों के गठन के नाम पर लूट की दुकान खोल रखी है शिवराज सरकार ने: संतोष सिंह परिहार
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संतोष सिंह परिहार ने कहा है कि मध्यप्रदेश में बढ़ती आत्महत्याओं को रोकने में शिवराज सरकार पूरी तरह असफल रही है, प्रदेश में अब तो सामूहिक आत्महत्याओं के मामले भी बढ़ रहे हैं। वहीं सरकार अपनी गलत नीतियों पर पुनर्विचार करने के बजाय विभिन्न प्रकार के विभागों का गठन कर नई-नई दुकान खोल रही है।
श्री परिहार ने कहा कि सरकार ने पूर्व में आनंद विभाग खोलने की नौटंकी कर उसमें कई अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्ति की थी, लेकिन इसकी असफलता का महज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश के लोगों को आनंद की अनुभूति तो हुई नहीं, उलटे आत्महत्याओं का ग्राफ बढ़ा है।
श्री परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आत्महत्याओं को रोकने के लिए टास्क फोर्स का गठन करने का ऐलान किया है, सरकार इसके लिए फिर अलग से बजट खर्च करेगी। यानि केवल सरकारी खजाने से लूट का खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को यदि वास्तव में प्रदेश में बढ़ती आत्महत्याओं की चिंता है, तो जनता के हितों में उस पर गंभीरता से निर्णय लेकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी पर लगाम लगाना चाहिए, युवाओं को रोजगार, किसानों को खाद-बीज, महिलाओ, युवतियों को सुरक्षा और बच्चों को अच्छी शिक्षा देने पर विचार करना चाहिए। जिन लोगों के कोविड के दौरान रोजगार छिने हैं, उनकी चिंता करनी होगी। कोविड के दौरान लोगों ने जो कर्ज लिया है, सरकार को उसे माफ करना चाहिए।
श्री परिहार ने कहा कि यदि आम जनमानस के लिए सरकारी योजनाओं का ईमानदारी से अमल होने लगे तो आत्महत्याओं के साथ अपराधों में भी कमी आयेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है, आत्महत्या रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना चाहिए, यदि वे ऐसा नहीं कर सकते तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999