संक्रमण काल में भी अपने सांसदों को मलाई खिला रहे मोदी जी: सज्जन सिंह वर्मा
भोपाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने आज अपने वीडियो संदेश के माध्यम से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया। सांसदों के वेतन भत्ते में केंद्र सरकार द्वारा की गई वृद्धि के खिलाफ उन्होंने आवाज बुलंद की।
श्री वर्मा ने अपने संदेश में कहा की केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इस विपदा के समय में भी अपने सांसदों को मलाई खिला रही है। 7 अप्रैल 2020 को जारी सरकारी राजपत्र में सभी सांसदों का वेतन-भत्ता ₹49,000 प्रतिमाह बढ़ाने का प्रयोजन किया है। जबकि कोरोना से जंग लड़ रहे देश और प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के डीए में वृद्धि पर सरकार ने 2021 तक रोक लगा दी है। ये कहां का न्याय है कि जो कर्मचारी इस लड़ाई में सक्रियता से कार्य कर रहे हैं उन्हें सम्मान ना देते हुए सांसदों के भत्तों में बढ़ोतरी की जा रही है।
साथ ही उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों से निवेदन किया की इस खबर को किसी भी मीडिया में नहीं दिखाया गया, इसे जनता को दिखाया जाए। और सांसदों से भी अनुरोध किया कि वह भी कृपया इस पैसे को लेने से मना कर दें और देश हित में काम कर रहे कर्मचारियों स्वास्थ्य कर्मियों पुलिसकर्मियों आदि को यह पैसा दिया जाए।