जरूरतमंदों को ही मिले संबल योजना से लाभ, लाखों अपात्र लोगों को पहले बाहर करें शिवराज: सज्जन सिंह वर्मा
भोपाल-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने आज संबल योजना फिर से प्रारंभ किए जाने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपने संदेश के माध्यम से नसीहत दी है कि संबल योजना में शामिल लाखों अपात्र लोगों को इसका लाभ ना दिया जाए| वर्मा ने योजना के हितग्राहियों की सूची में लाखों अपात्र लोगों के शामिल किए जाने पर शिवराज सरकार को इसकी जांच कर योजना को कुछ समय बाद प्रारंभ करने का आग्रह किया| उन्होंने कहा कि इस योजना में लगभग 10-12 लाख लोग अपात्र हैं, जिसका खुलासा कमलनाथ सरकार में पूर्व मंत्री रहे तथा अब भाजपा में शामिल हो चुके महेंद्र सिंह सिसोदिया प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से पूर्व में ही कर चुके हैं| इसमें लगभग 4-5 लाख लोग ऐसे हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है तथा इतने ही लोग सरकारी नौकरी में है जो योजना का लाभ उठा रहे थे| साथ ही यह योजना शिवराज सिंह के पिछले कार्यकाल के दौरान भाजपा समर्थित लोगों को उपकृत करने के लिए उन्हें इसमें शामिल किया गया था| इस योजना के माध्यम से कई अपात्र लोग जो ₹200 भुगतान कर हजारों रुपए की बिजली घरों में जला रहे थे| जिनके घरों में फ्रीज और एसी लगे हुए हैं ऐसे लोग भी योजना का लाभ ले रहे थे| शिवराज के पिछले कार्यकाल में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी इस योजना को दोबारा सही ढंग से, हितग्राहियों की जांच कर ही प्रारंभ किया जाना चाहिए| जल्दबाजी में नहीं| वर्मा ने यह मांग की है कि जो भी अपात्र हितग्राहियों ने भ्रष्टाचार पूर्वक इस योजना का पूर्व में लाभ लिया है, क्या सरकार उनसे पैनल्टी वसूल करेगी? जिन्होंने लाखों रुपए सरकार के उपयोग किए क्या उनसे वसूली की जाएगी कृपया शिवराज इसका जवाब दें|