एक जनजातीय महिला के राष्ट्रपति बनने से घबराकर आरोप लगा रही कांग्रेसः विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा; कांग्रेस ने 55 सालों के शासन में नहीं की जनजाति समाज की चिंता

भोपाल: आजादी के 75 साल हो चुके हैं और देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इन 75 सालों में से 55 सालों तक देश में कांग्रेस ने शासन किया लेकिन कभी भी जनजातीय समाज के हितों की चिंता नहीं की। कांग्रेस ने कभी इस बारे में विचार ही नहीं किया कि जनजातीय समाज के किसी व्यक्ति को देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचना चाहिए। सिर्फ वोट की राजनीति करने वाली कांग्रेस द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनता देख घबरा गई है और अनर्गल आरोप लगा रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

 

 

 

 

 

 

द्रौपदी मुर्मू जी के बढ़ते समर्थन से फूले कांग्रेस के हाथ-पैर

श्री शर्मा ने कहा कि मैं द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाए जाने के लिए पार्टी नेतृत्व, एनडीए नेतृत्व और प्रधानमंत्री श्री मोदी जी को धन्यवाद देता हूं। देश की आजादी के बाद पहली बार एक जनजातीय महिला को राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाए जाने का निर्णय ऐतिहासिक है। श्री शर्मा ने कहा कि संघर्ष की प्रतीक द्रौपदी मुर्मू जी का व्यक्तित्व राजनीति से ऊपर है। इसलिए एनडीए के अलावा अन्य दलों के लोग भी अपनी अंतरात्मा से उनका समर्थन कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि हमेशा वोटों की राजनीति करने वाली कांग्रेस का अंतरात्मा से कोई रिश्ता रहा नहीं। इसलिए उसे डर है कि कहीं उनके भी लोग अंतरात्मा की आवाज पर द्रौपदी मुर्मू जी को समर्थन न दे दें। इसीलिए कांग्रेस अनर्गल आरोप लगा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि मैं सभी दलों के मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे अपनी आत्मा की आवाज को सुनें और द्रौपदी मुर्मू जी का समर्थन करें। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक आधार बहुत विस्तृत है और मध्यप्रदेश से एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मूर्मू ऐतिहासिक बहुमत हासिल कर चुनाव जीतेंगी।

अपने आरोपों के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगें कमलनाथ

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी अचानक नींद से जागते हैं और जैसे सपने में कुछ देख लिया हो उसके आधार पर अनर्गल आरोप लगाने लगते हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जैसे पदों पर रहे हैं उन्हें कोई भी आरोप लगाने से पहले विचार जरूर करना चाहिए। श्री शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए भाजपा शुरू से ही चिंतित रही है। स्व.अटलबिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने अलग से जनजाति मंत्रालय बनाया था। उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनजातीय महिला को राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में कमलनाथ आरोप लगाकर मध्यप्रदेश की जनता को गुमराह और बदनाम कर रहे हैं। उनके इस झूठ को प्रदेश कभी सहन नहीं करेगा और उन्हें मध्यप्रदेश की जनता से तत्काल माफी मांगनी चाहिए। 

गुंडागर्दी करके राजनीति का अपराधीकरण करना चाहते हैं कमलनाथ

श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मैं यह पूछना चाहता हूं कि आपने छिंदवाड़ा में हमारे अनुसूचित जाति के एक जिला पंचायत सदस्य को कहां गायब किया है? क्या आप छिंदवाड़ा में इसी तरह की गुंडागर्दी करके राजनीति का अपराधीकरण करना चाहते हैं? क्या यही आपकी राजनीति की धारा है? कमलनाथ को इन सवालों के जवाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए। श्री शर्मा ने कहा कि अभी हम जिला पंचायत सदस्य को बंधक बनाने, अपहृत किए जाने की मामले की जांच कर रहे हैं इसके बाद पार्टी जो भी निर्णय लेगी वो बहुत कड़ा होगा।

पार्टी की नीतियों और नेतृत्व को मिला जनता का समर्थन

श्री शर्मा ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश के मतदाताओं का जो समर्थन मिला है वो पार्टी की नीतियों और सरकारों द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण के कामों के लिए है। जनता के अभूतपूर्व समर्थन ने यह बता दिया है कि वह पार्टी के नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पर विश्वास करती है। श्री शर्मा ने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनाव में पार्टी के समर्थन के लिए मैं प्रदेश की जनता, मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।

लिखें और कमाएं

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें :
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
 9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment