हर किसी की यही राय, कमलनाथ सरकार ने किसानों को ठगा है : राकेश सिंह

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- जनता के हितों की लड़ाई हमेशा लड़ती रहेगी भाजपा

खबर नेशन / Khabar Nation

जबलपुर। कल प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने, किसानों ने प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रत्येक जिले से जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक हर जिले में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान इस प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए। प्रदर्शन में शामिल हर किसान, हर व्यक्ति का यही कहना था कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने मध्यप्रदेश के किसानों को ठगा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने मंगलवार को जबलपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

जनता के हितों की लड़ाई हमेशा लड़ते रहेंगे

प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने यह तय किया है कि हम चुप नहीं बैठेंगे, जनता के हितों की लड़ाई हमेशा लड़ते रहेंगे। कमलनाथ सरकार लगातार लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश कर रही है। नगरनिगम और नगरपालिकाओं के अध्यक्षों के चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से करा रही है और भ्रष्टाचार,  खरीदफरोख्त के माध्यम से निकायों पर कब्जे की कोशिश कर रही है। पहले नियम था कि यदि वार्डों का परिसीमन करना है तो 6 महीने पहले प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अब इन्होंने तय कर लिया कि दो महीने पहले परिसीमन कर सकते हैं। ये जब चाहेंगे चुनाव के पहले नोटिफिकेशन करेंगे और परिसीमन कर देंगे।

प्रदेश की जनता को बांटना चाहती है सरकार

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कमलनाथ सरकार भोपाल, इंदौर एवं जबलपुर के साथ-साथ अन्य नगरनिगमों का विखण्डन भी करना चाहती है। यह मध्यप्रदेश की जनता को बांटने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जब विखण्डन होगा तो केंद्र से कम राशि मिलेगी। नगरनिगम का आकार जितना बड़ा होता है,  राशि उतनी ही अधिक होती है। दूसरी तरफ विखण्डन करने से स्थापना पर होने वाला खर्च दोगुना हो जाएगा, जिसका बोझ जनता पर ही पड़ने वाला है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी इसका विरोध करेगी। जल्द ही इसकी रूपरेखा तय होगी और हर जिले में हम आंदोलन करेंगे।

मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम लगातार सरकार को नींद से जगाने का काम कर रहे हैं। इस बार पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि एकत्र होकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे, ताकि प्रदेश की जनता को हम ये बता सकें कि जिस मुख्यमंत्री निवास से भाजपा सरकार के समय पर जनहित के फैसले होते थे,  गरीबों के साथ न्याय होता था, वहां अब केवल सरकार को बचाने की जुगत भिड़ाई जाती है। भ्रष्टाचार का दायरा  बढ़ाकर अब नगरनिगम, नगरपालिका और नगरपंचायत स्तर तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है। खरीद-फरोख्त के माध्यम से कांग्रेस का कब्जा कराने की कोशिश हो रही है।

निकम्मी सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया

श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की निकम्मी सरकार है, जिसने एक भी वादा पूरा नहीं किया।  इस सरकार ने कहा था कि हर पंचायत में गौशाला बनाएंगे, आज गौमाता सड़कों पर है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गौचर की जमीन की बंदरबांट कर डाली, गौमाता के लिए स्थान नहीं छोड़ा। पिछले दिनों ग्वालियर में एक ही कमरे में ठूंसकर रखी गई 17 गायों की हवा तक न मिलने के कारण मौत हो गई। अब गौवंश के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था को भी सरकार बंद करने जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी की घोषणा से पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार से तो नहीं पूछा था कि इसके लिए हमें पैसा मिलेगा क्या? 10 दिनों में कर्जा माफ करने की बात की थी। कमलनाथ सरकार 10 महीनों में 10 किसान नहीं ला पाई जिनका 2 लाख तक का कर्जा माफ हुआ हो।

केंद्र सरकार ने नहीं किया भेदभाव

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन हमेशा किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार कभी भेदभाव नहीं करती। आपदा प्रबंधन के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक राज्य को राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास भी आपदा प्रबंधन कोष के 900 करोड़ रूपए हैं,  लेकिन यह सरकार उसमें से 9 रूपए भी 9 किसानों को नहीं दे पाई है। जब भी ऐसी परिस्थिति बनती है तो राज्य सरकार अपने बजट से सबसे पहले किसानों को राहत देती है, बाद में मेमोरेंडम बनाकर केंद्र को भेजा जाता है।

50-50 लोग भी नहीं जुटा पाए कांग्रेसी

श्री सिंह ने कहा कि अचानक ही कल कांग्रेस के नेता भी नींद से जागे और अनेक स्थानों पर राष्ट्रपति जी के नाम पर ज्ञापन सौंपने के लिए एकत्र हुए। लेकिन सरकार में रहते हुए भी कांग्रेसी 50-50 लोग भी एकत्र नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि शायद कांग्रेस के लोगों को भी यह लगता है कि झूठ का साथ वह कितनी ताकत से दे पाएंगे। राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया,  लेकिन सच्चाई वह भी जानते हैं।

आग से न खेले कमलनाथ सरकार

मुख्यमंत्री कमलनाथ के तीन विधायकों वाले बयान पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को आग से खेलना बंद करना चाहिए। क्योंकि ऐसा प्रयास कांग्रेस पहले भी कर चुकी है और मुंह की खाई है। भारतीय जनता पार्टी का विधायक दल एकजुट है। मध्यप्रदेश की जनता बारीकी से सारी बातों को देख रही है, जनता में आक्रोश है। उन्होंने विधायक प्रहलाद लोधी की सदस्यता समाप्त करने को लेकर कहा कि किसी विधायक की सदस्यता समाप्त करने से पहले राज्यपाल महोदय से अनुमति ली जाती है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार इस तरह से सदस्यता समाप्त नहीं की जा सकती।

Share:


Related Articles


Leave a Comment