प्रदेशवासियों के लिए दीपावली की शुभकामनाएं
खबर नेशन /Khabar Nation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने दीपावली के मांगलिक अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं प्रदेशवासियों के सुखी जीवन, समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि इस पर्व पर हम सभी ज्योतिर्मय होकर, सबको साथ में लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक के जीवन में नई आशाओं और उत्साह का संचार करें, दीप पर्व यही संदेश देता है।
श्री राकेश सिंह ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों के लिए मंगल कामनाएं करते हुए कहा कि हम प्रफुल्लित होकर दूसरों के जीवन में आशाएं जगायें, इस मायने में ही दीपावली आत्म साक्षात्कार का पर्व है। दीया जलता है आलोक बिखेरता है लेकिन वही दीपक जब समूह में कतारबद्ध होकर सामूहिक रूप में दूसरों के साथ जलता है, तो उसकी आभा अपने आसपास के पूरे परिवेश को आलोकित कर देती है। इस तरह दीपावली पर्व मिलजुलकर विकास करने और सभी के जीवन को सुखमय बनाने का संदेश देता है।