गांधी संकल्प यात्रा में स्वच्छता और पॉलीथीन मुक्त भारत का संकल्प ले रही जनता

 

प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में सांसदों के नेतृत्व में निकल रही संकल्प यात्राएं

 खबर नेशन / Khabar Nation

                भोपाल। महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर से भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में गांधी संकल्प यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। ये यात्राएं लोकसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर गांधीजी के संकल्पों को जनमानस तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। सांसद अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में यात्रा के माध्यम से सिंगल यूज पॉलीथीन मुक्त भारत और स्वच्छता के संदेश के साथ गांधीजी के विचारों से जनता को अवगत करा रहे हैं। शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने जबलपुर में गांधी संकल्प यात्रा की अगुवाई की। इसी प्रकार अन्य सांसद भी अपने-अपने क्षेत्रों में गांधी संकल्प यात्रा में जनता से संवाद कर रहे हैं।

                कटनी जिले के ग्राम डीहुटा से पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को गांधी संकल्प यात्रा की शुरूआत की। विभिन्न गांवों में भ्रमण कर यात्रा बहोरीबंद पहुंची। बहोरीबंद में वृक्षारोपण करने के पश्चात बस स्टेंड पर सफाई अभियान चलाया गया। उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलवाई गई। श्री शर्मा ने ग्रामवासियों से स्वच्छता, पर्यावरण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने पर चर्चा की।

                पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद श्री अजयप्रताप सिंह ने छिंदवाडा जिले के कुसमी से गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत की। कुसमी के हनुमान जी के मंदिर में साफ-सफाई के पश्चात यात्रा सोना पिपरी गांव पहुंची, जहा स्वच्छता अभियान चलाया गया। बाद में पाठा गांव, रिधौडा में वृक्षारोपण किया गया तथा उमरे तहसील मंदिर परिसर की साफ सफाई की गई। यहां नुक्कड सभा में स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर श्री कन्हाईराम रघुवंशी, श्री ताराचन्द बावरिया, श्री कमलेश, श्री राकेश बेलवंशी सहित जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

                सांसद श्रीमती हिमाद्रि सिंह ने शहडोल के पुराना नगरपालिका स्थित गांधी चौक से शुक्रवार को गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत की। यात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। लोगों को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि गांधीजी के बताए मार्ग पर चलकर ही देश को स्वच्छ और निर्मल बनाना है। जिससे आने वाली पीढ़ियों को हम आदर्श भारत दे सकते हैं। इस अवसर पर संभागीय संगठन मंत्री श्री जितेन्द्र लिटोरिया, जिलाध्यक्ष श्री इन्द्रजीत सिंह छाबडा, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्री हषवर्धन सिंह, श्री राकेश पाण्डे सहित जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment