विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पवई सीट को रिक्त किए जाने वाले निर्णय के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी लडेगी कानूनी लड़ाई
प्रतिक्रिया - निर्णय एकतरफा : शिवराज
विधानसभा अध्यक्ष ने सरकार के दबाव में जल्दबाजी में कार्रवाई की : नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव
विधानसभा अध्यक्ष का निर्णय सदन के अभिभावक के अनुकूल नहीं :राकेश सिंह
खबर नेशन / Khabar Nation
विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति द्वारा पवई सीट को रिक्त किए जाने वाले निर्णय के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी कानूनी लड़ाई लडेगी । गौरतलब है कि न्यायलय के एक फैसले में पन्ना जिले के पवई से विधायक प्रहलाद लोधी को सजा सुनाई गयी है । विधानसभा अध्यक्ष के इस फैसले की भाजपा के नेताओं ने तीखी निंदा की है ।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रजापति द्वारा पवई की सीट को रिक्त किए जाने के निर्णय को एक तरफा बताया है । उन्होंने कहा कि पवई विधायक श्री लोधी को उच्च न्यायालय में अपील करने का अधिकार है ।अपील का समय उन्हें मिला है । विधानसभा अध्यक्ष ने अपील की समय सीमा के पहले जल्दीबाजी में लिया गया यह निर्णय है ।
विधानसभा अध्यक्ष विधायकों के संरक्षक होते हैं । यह संरक्षक का फैसला नहीं है । यह एक पार्टी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए लिया गया फैसला है ।
यह राजनैतिक विद्वेषवश जल्दी में लिया गया निर्णय । इस फैसले को कदापि उचित नहीं कहा जा सकता । इस फैसले के खिलाफ हम उच्च न्यायालय में जाएंगे ।
विधानसभा अध्यक्ष ने सरकार के दबाव में जल्दबाजी में कार्रवाई की:- नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने विधानसभा सचिवालय द्वारा पवई विधायक प्रहलाद लोधी की विधानसभा से सदस्यता रद्द किए जाने पर कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसका पक्ष रखने का अधिकार है। किसी भी व्यक्ति को अपनी बात रखने देना नैसर्गिक न्याय होता है। देश में कसाब और अफजल जैसे खूंखार आतंकवादी तक को सुनवाई का मौका दिया लेकिन एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि जो जनता की सेवा में लगे रहते है, उनसे जुड़े मामले पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा जल्दबाजी में कार्रवाई की गई वह निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने बिना विचार किये सरकार के दबाव में जिस तरह आनन फानन में कार्रवाई की वह सरकार के डर को दर्शाता है। नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि इस पूरे मामले में हम कानूनविदों से चर्चा कर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष का निर्णय सदन के
अभिभावक के अनुकूल नहीं :राकेश सिंह
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने पवई विधायक प्रहलाद लोधी के मामले में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा लिए गए निर्णय को अलोकतांत्रिक और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के विरुद्ध बताया है।
उन्होंने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष सदन के अभिभावक होते हैं, उनकी गरिमा होती है और इस होने के नाते दलीय राजनीति से ऊपर उठकर समानता के आधार पर विचार करते हैं। लेकिन मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने विधानसभा अध्यक्ष की तरह व्यवहार न करते हुए राजनीतिक विद्वेषवश कांग्रेस के नेता की तरह निर्णय करते हुए पवई विधानसभा सीट को रिक्त घोषित किया है। पवई विधायक को न्याय के लिए उच्च न्यायालय में जाने का अधिकार है और हम जाएंगे भी। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष के इस निर्णय ने सदन में भविष्य के लिए ऐसी परंपरा को विकसित कर दिया है जो किसी भी कोण से उचित नहीं कही जा सकती।