सत्ता मिली है तो सेवा करें, गुंडागर्दी न फैलाएं कांग्रेसीः उमेश शर्मा

 

 

 खबर नेशन / Khabar Nation

 

                भोपाल। कांग्रेस जब से प्रदेश में सत्ता में आई है, उसके नेता और मंत्री सरकार को अपनी निजी कंपनी समझ रहे हैं और अधिकारियों से अपने निजी कर्मचारियों की तरह व्यवहार करते रहे हैं। अब तो कांग्रेस के ये नेता, उनके रिश्तेदार और समर्थक कानून को भी कुछ नहीं समझ रहे हैं। कहीं ये अधिकारियों को अपना मनचाहा काम कराने के लिए धमका रहे हैं, तो कहीं कर्मचारियों को उनकी मर्जी के खिलाफ काम करने पर पीट रहे हैं। कांग्रेसियों को यह याद रखना चाहिए कि सत्ता जनता की सेवा का माध्यम है और अगर उन्होंने गुंडागर्दी करके अराजकता फैलाने की कोशिश की, तो प्रदेश की जनता उन्हें उनकी हैसियत बताने में देर नहीं लगाएगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री उमेश शर्मा ने प्रदेश के मंत्रियों के समर्थकों व रिश्तेदारों द्वारा कानून अपने हाथ में लिए जाने की घटनाओं पर रोष जाहिर करते हुए कही।

 

                श्री उमेश शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार के मंत्री तो पहले ही बेलगाम थे, अब तो उनके रिश्तेदार भी निरंकुश होकर सत्ता का भोग करने में लिप्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विजयपुर और इंदौर की घटनाएं इसका सबसे ताजा उदाहरण हैं। विजयपुर में मंत्री लाखनसिंह यादव का भतीजा इसलिए जनपद पंचायत सीईओ को धमकाता है, क्योंकि उसने मर्जी के मुताबिक काम करने से मना कर दिया था। वहीं, इंदौर में मंत्री तुलसी सिलावट के भानजे सिर्फ इस बात पर नगरनिगम कर्मचारियों को पीट देते हैं कि वे मुख्यमंत्री के आदेश पर अमल करते हुए शहर की सड़कों पर लगे मंत्री तुलसी सिलावट के जन्मदिन वाले होर्डिंग्स हटा देते हैं। उन्होंने कहा कि यही नहीं, बल्कि सरकार को समर्थन दे रहे अन्य दलों के विधायक भी पीछे नहीं हैं। बसपा विधायक रामबाई खुलेआम जिला कोषालय अधिकारी को धमकी दे रही हैं। श्री उमेश शर्मा ने कहा कि ये सभी घटनाएं बताती हैं कि सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करना कभी कांग्रेस और उसके नेताओं का सिद्धांत नहीं रहा। ये सत्ता का उपयोग हमेशा से अपने हितों के संरक्षण, अपनी मनमर्जी चलाने और अपनी काली करतूतों को कानून के दायरे से बाहर रखने के औजार के तौर पर करते रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेसियों के इस व्यवहार से कमलनाथ सरकार के अस्तित्व को लेकर उनके मन में व्याप्त असुरक्षा भी झलकती है। उन्हें हमेशा इस सरकार के गिरने का डर सताता रहता है और इसलिए वे अपने सारे काम, सारी पारिवारिक योजनाएं जल्दी से जल्दी पूरी कर लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेसियों की इस मानसिकता को अच्छी तरह से समझती है और अगर उन्होंने अपना रवैया नहीं बदला, तो प्रदेश की जनता उन्हें उनकी वास्तविक हैसियत का अहसास कराने में भी देर नहीं लगाएगी।

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment