सीधी घटना पर मुखर छत्तीसगढ़ पर मौन, यहीं है कांग्रेस का दौहरा चरित्र

पूर्व मंत्री ने कहा-भूपेश बघेल बताएं पीड़ित जनजाति भाई का सम्मान कैसे लौटाएंगे

जनजाति वर्ग का कांग्रेस से मोह भंग रतलाम में 400 कांग्रेस और जयस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

खबर नेशन/ Khabar Nation

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व मंत्री श्रीमती रंजना बघेल ने कहा कि एक ओर कांग्रेस सीधी में हुई घटना पर राजनीति करती है तो वही दूसरी और छत्तीसगढ़ में एक जनजाति युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर जेसीबी से बांधकर उसे रातभर पीटने की घटना पर चुप्पी साधे हुए है। मध्यप्रदेश में किसी भी घटना पर ट्वीट की चिड़िया उड़ाने वाले राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी और कमलनाथ अब छत्तीसगढ़ में जनजाति युवक के साथ हुई बर्बरता पर मौन क्यों है? श्रीमती बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की घटना से खुद को आदिवासियों का हितैषी बताने वाली कांग्रेस का फिर से दोहरा चरित्र उजागर हुआ हैं।

अपराध को दोहरे चश्मे से देखना कांग्रेसियों की आदत

श्रीमती रंजना बघेल ने कहा कि जनजाति बंधुओं पर अत्याचार करने का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है। कांग्रेस ने जनजाति वर्ग को सिर्फ वोटबैंक मानकर उसे बरगलाने और भ्रमित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि सीधी में हुई घटना पर कांग्रेस ने सिर्फ अपनी राजनैतिक रोटियां सेकीं जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने तत्काल आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कठोर कार्यवाही की। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने संवेदनशीलता के साथ घटना के पीड़ित जनजाति भाई का मुख्यमंत्री निवास पर पांव पखार एवं माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि जब छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में मोबाइल चोरी के आरोप में एक जनजाति युवक की बेरहमी से पिटाई होती है और उसे रातभर जेसीबी से बांधकर रखा जाता है, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार और पूरी कांग्रेस को सांप सूंघ जाता हैं। श्रीमती बघेल ने कहा कि कांग्रेस का कोई भी नेता इस घटना पर न बोलता है और न ट्वीट करता है क्योंकि अपराध को दोहरे चश्मे से देखना कांग्रेसियों की आदत हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित जनजाति भाई के पैर धोकर उसका सम्मान किया, क्या छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ऐसा कर पाएंगे। भूपेश बघेल बताएं कि वे पीड़ित जनजाति भाई का सम्मान कैसे लौटाएंगे?  

कांग्रेस ने किया जनजाति प्रतिमानों का अपमान, भाजपा ने किया सम्मान

श्रीमती रंजना बघेल ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस सबसे अधिक सत्ता में रही, लेकिन कांग्रेस ने जनजातीय वर्ग की उपेक्षा की और उनके साथ छलावा किया। कांग्रेस ने कभी भी इस वर्ग के लिए कोई योजना नहीं बनाई, जबकि श्री अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जनजातीय वर्ग के उत्थान के लिए पृथक से जनजातीय मंत्रालय बनाया गया। कांग्रेस ने कभी भी जनजातीय क्रांतिवीरों का सम्मान नहीं किया। भाजपा ने जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास लोगों तक पहुंचे इसके लिए हमेशा प्रयास किए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश की धरती से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरूआत की। भाजपा सरकार ने एक जनजाति बहन को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आसीन किया जबकि कांग्रेस ने सिर्फ जनजाति वर्ग के साथ धोखेबाजी की। उन्होंने कहा कि हमारे जनजातीय भाई बहन पेसा एक्ट को लेकर वर्षों से प्रतिक्षारत थे। हमें गर्व है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पेसा एक्ट लागू कर जनजातीय बंधुओं को उनका अधिकार प्रदान किया हैं। श्रीमती बघेल ने कहा कि जनजाति समाज को सक्षम और सशक्त बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया हैं।
रतलाम में 400 से अधिक जनजाति बन्धु कांग्रेस एवं जयस छोड़कर भाजपा शामिल

उन्होंने कहा कि आज जनजातीय वर्ग को मुख्यधारा में लाने और उनका सम्मान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और राज्य सरकार संकल्पित हैं। भाजपा के प्रति जनजाति समाज का अथाह विश्वास हैं। श्रीमती रंजना बघेल ने बताया कि भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर रतलाम जिले के बाजना विकासखंड में सांसद श्री गुमानसिंह डामोर की मौजूदगी में ग्राम गढीगमना में कांग्रेस, जनता दल एवं जयस छोड़कर 400 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, इतनी बढ़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना यह दर्शाता है कि कांग्रेस और उसके डीएनए वाली जयस से जनजाति वर्ग का मोह भंग हो चुका हैं। जनजाति वर्ग के समक्ष इनकी सच्चाई उजागर हो गयी हैं।

लिखें और कमाएं       

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment