शिवराज कैसे पार पाएं इन अफसरों से
आयुष विभाग का एक डॉक्टर मंत्री अफसरों पर भारी
जब छोटी मछली जांच ना होने दें तो बड़े मगरमच्छ क्या करते होंगे ?
चार मंत्री बदल गये पर एक भ्रष्ट अफसर नहीं हटा पाए
चलो माना कांग्रेसी मंत्री भ्रष्ट था तो क्या भाजपा के तीन मंत्री भी
खबर नेशन/ Khabar Nation
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी सप्ताह कलेक्टर कमिश्नर कांन्फ्रेंस में अपने तीखे तेवरों के साथ प्रशासनिक कसावट लाने की शुरुआत की है। कांग्रेस सरकार पर पैसे लेकर पोस्टिंग पाने का आरोप लगाते हुए अफसरों को चेताया है कि अब ऐसा नहीं चलेगा । 2003 के बाद कांग्रेस के डेढ़ साल के शासनकाल को हटा दें तो मध्यप्रदेश में अभी तक भाजपा का सोलह साल शासन रहा है। जिसमें सर्वाधिक वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कार्यकाल रहा है । शिवराज पन्द्रह साल पूरे करने जा रहे हैं । कैसे रहे हालात पर एक नजर ?
मध्यप्रदेश के आयुष विभाग में एक भ्रष्ट अफसर पर कार्रवाई करने विभाग के चार मंत्री प्रयास करते हैं , लेकिन जांच डिब्बे में बंद हो जाती है । इनमें से तीन मंत्री तो भारतीय जनता पार्टी की शासनकाल के हैं ।
मामला है मध्यप्रदेश के आयुष विभाग के चिकित्सक डॉक्टर सुशील तिवारी का जो कांग्रेस शासनकाल में आयुष संचालनालय के डिप्टी डायरेक्टर पद पर काबिज हो गये । यह पदस्थापना भी तब हुई जब डॉ तिवारी के ऊपर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में 2018 से एट्रोसिटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है । डॉ तिवारी के ऊपर विभाग की ही चिकित्सक वंदना बोराना ने भारतीय दण्ड संहिता की धारा 506और 294 के साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम 1989 (संशोधन 2015) की धारा 3(1)(द),3(1)(ध) एवं 3(2)(va) में प्रकरण दर्ज करवाया है । इस मामले में डॉक्टर तिवारी जमानत पर हैं ।
डॉ वन्दना बोराना को डॉ तिवारी के विरुद्ध एक जांच का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था । यह मामला डॉ तिवारी द्वारा अपनी पत्नी डॉ गीता तिवारी की फर्जी नियुक्ति कराए जाने संबंधी है । जिसकी फाईल डॉ तिवारी मौका आने पर दबा देते हैं या गायब कर देते हैं । तीन माह पूर्व भी वर्तमान आयुष मंत्री रामकिशोर कांवरे ने जब संबंधित मामले की जानकारी चाहते हुए फाईल तलब की तो मंत्री की नोटशीट ही दबा दी गई । सूत्रों के अनुसार डॉ तिवारी संघ और भाजपा के छुटभैय्ए नेता पदाधिकारी से दबाब बनवाकर और अफसरों को आर्थिक लाभ पहुंचाकर उनके खिलाफ उठने वाले हर कदम को दबा देते हैं।