खबर नेशन हरियाणा के मुख्यमंत्री और गुजरात सरकार ने खारिज की मध्य प्रदेश की भावांतर योजना शिवराज ने भावांतर योजना लागू कर किसानों को नहीं दलालों को पहुंचाया लाभ नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह की मांग कि शिवराज माफी मांगे किसानों से
भोपाल 30 अक्टूबर 2018। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा है कि किसानों की कीमत पर शिवराज सरकार द्वारा शुरू की गई भावांतर योजना को भाजपा शासित राज्य हरियाणा और गुजरात सरकार ने आलोचना कर यह बता दिया है कि किसान पुत्र किसान हितैषी होने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री ने किस तरह प्रदेश के किसानों के साथ धोखाधड़ी की थी।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा की हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नई दिल्ली में पत्रकार वार्ता में कहा की ’’शिवराज सिंह ने भले ही भावांतर योजना लागू की हो पर उसमें तमाम खामियां थी’’। इसी कारण उसका सही लाभ मध्यप्रदेश के सही किसानों को नहीं मिल पाया। नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा की इसी तरह गुजरात सरकार ने भी मध्यप्रदेश की भावांतर योजना को खारिज कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा की विश्व में सबसे अच्छी किसानों के लिए भावांतर योजना बताने वाले शिवराज सिंह चौहान को उन्हीं की पार्टी के मुख्यमंत्री ने आइना दिखा दिया। श्री सिंह ने कहा कि जब गुजरात और हरियाणा के अधिकारी भावांतर योजना के बारे में जानकारी लेने आए तब सरकार ने बड़ी वाहवाही लूटी थी। भावांतर योजना का अध्ययन करने के बाद दोनों राज्यों ने योजना को खारिज कर बता दिया कि शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के किसानों से धोखाधड़ी कर दलालों को ही भावांतर योजना का लाभ पहुंचाया। श्री सिंह ने कहा कि भावांतर योजना को लेकर स्वयं कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन और सांसद अनूप मिश्रा ने गंभीर सवाल उठाए थे। श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे अपने इस कृत्य के लिए प्रदेश के किसानों से माफी मांगे।