प्रेमचंद गुड्डू कांग्रेस के दरवाजे पर सपरिवार
दिग्विजय से मिलने पहुंचे , शामिल होने से किया इंकार
खबर नेशन /Khabar Nation
भाजपा नेता ने इंदौर की रेसीडेंसी कोठी पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से सपरिवार मुलाकात कर राजनीतिक हलकों में सनसनी फैला दी । उज्जैन के पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू जो कांग्रेस से विधायक सांसद और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं सपरिवार दिग्विजय से मिलने पहुंच गए । सौजन्य मुलाकात के फोटो गुड्डू की बिटिया रीना बोरासी सेतिया ने फेसबुक पर अपलोड किए हैं । इस दौरान गुड्डू के दामाद आशीष सेतिया एवं सेतिया के मित्र विश्वजीत भी मौजूद थे । फोटो सेशन के दौरान गुड्डू थोड़ा पीछे खड़े रहे, लेकिन वह भी फोटो में आ गए ।
गौरतलब है कि लंबे समय तक कांग्रेस में रहे प्रेमचंद गुड्डू मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कट्टर समर्थकों में गिने जाते रहे हैं । 2013 के विधान सभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशियों के लिए जारी किए जाने वाले बीफार्म में छेड़छाड़ कर अपने बेटे अजीत बोरासी को आलोट विधानसभा चुनाव लड़वाने का आरोप भी गुड्डू पर लगा था । जिसकी जांच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर की गई थी । पार्टी नेताओं के दबाव में गुड्डू के खिलाफ कार्यवाही तो नहीं हुई , लेकिन राहुल गांधी इस शिकायत को लेकर जबरदस्त तरीके से नाराज रहे । मध्य प्रदेश दौरे के दौरान राहुल गांधी ने गुड्डू को अपेक्षित तवज्जो नहीं दी और गुड्डू सहित बेटे को भी विधानसभा का टिकट नहीं दिया । अंततः गुड्डू पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए । भाजपा में कांग्रेस से गए नेताओं के साथ दोहरा व्यवहार किया जाता है । जिससे गुड्डू इन दिनों विचलित नजर आ रहे हैं । राजनीतिक जीवन में गुड्डू हमेशा अपने विरोधियों पर आक्रामक तेवर अख्तियार करने वाले नेताओं में शुमार होते आए हैं । बिटिया दामाद सहित दिग्विजय से मुलाकात का मकसद अपनी बिटिया रीना बोरासी सेतिया को कांग्रेस में शामिल कराना माना जा रहा है । इस बात की संभावना इसलिए भी बलवती है । क्योंकि उज्जैन संभाग के कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारी मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा के माध्यम से गुड्डू के कांग्रेस में प्रवेश के दरवाजे खोले जाने पर रोक लगाए हुए हैं।
इस बारे में प्रेमचंद गुड्डू का कहना है कि उनके दिग्विजय सिंह से पारिवारिक संबंध है । इसलिए वे सौजन्य मुलाकात करने गए थे । उन्होंने अपनी नाराजगी भी जताई कि मैंने इस पार्टी के लिए अपना जीवन खपा दिया लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने मुझे नीचा दिखाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है । इसलिए मैं कभी भी कांग्रेस में शामिल नहीं होऊंगा ।