आतंकवाद को समूल नष्ट किया मोदी सरकार ने

भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को करें परास्त : अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केन्द्रीय गृहमंत्री ने दिया मार्गदर्शन
केंद्रीय गृहमंत्री ने किया भारतीय जनता पार्टी के नए सदस्यता अभियान का शुभारंभ

खबर नेशन/ Khabar Nation

ग्वालियर। मध्यप्रदेश का कार्यकर्ता देवदुर्लभ और अनुभवी कार्यकर्ता है। यहां के कार्यकर्ता के पास लंबा अनुभव है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता ने चुनाव जीते भी हैं और जिताए भी हैं। आज हम जिस पद पर भी हैं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं। इसलिए यह चुनाव भाजपा के भविष्य का चुनाव है, भारतमाता के वैभव को परम शिखर पर पहुंचाने का चुनाव है। श्री नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर करोड़ों गरीबों के जीवन में जनसंघ के दीप के उजियारे को प्रदीप्त करने का चुनाव है। हम सभी को मिलकर चुनाव अभियान में जुटना है। भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए इस चुनाव में हमें 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा। यह बात केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी ने रविवार को ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। श्री अमित शाह जी ने इस अवसर पर पार्टी के नए सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की।

जब दुनिया में गूंजेंगे भारतमाता के जयकारे, तब पूरा होगा हमारा लक्ष्य

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का विजय अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। जिस दिन पूरी दुनिया भारत माता के जयकारे लगाएगी, उस दिन यह लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए बने हैं, क्योंकि विजय आपका स्वभाव है, आपका पराक्रम है और विजय ही आपका लक्ष्य है। हमें लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा। मैं गारंटी के साथ आपसे कहता हूं कि 30 साल तक मध्यप्रदेश में पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का भगवा परचम लहराता रहेगा।

हनुमान जी की तरह अपनी शक्तियों को पहचानें कार्यकर्ता

केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि ग्वालियर श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी के पुण्य से सीची हुई भमि है, जहां एकात्म मानववाद को सबसे पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने प्रतिपादित किया था। यह स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की कर्मभूमि है, यह श्रद्धेय कुशाभाऊ के संगठनात्मक तप की भूमि है। यहां उन्होंने पार्टी का जो बीज बोया था, वह आज वट वृक्ष बन गया है। श्री शाह ने कहा कि  आज यहां चार पीढ़ी के कार्यकर्ता बैठे हैं। देश-दुनिया में बहुत कम राजनीतिक पार्टियों के पास ऐसे देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं की टीम है। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास चार पीढ़ियों की टीम है। उन्होंने कहा कि एक बार की विजय अगली विजय के उत्साह को पैदा करती है, परंतु बार-बार विजय मिले तो आलस्य पैदा होता है। इसलिए आलस्य को त्यागकर पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं को जुटना होगा। भगवान श्री हनुमान जी की तरह अपनी शक्तियों को पहचान कर अपने बूथ पर पूरे प्राणप्रण से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ आपको विजय का संकल्प याद दिलाने आया हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि जिस बूथ पर हमारा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़ा हो जाएगा, वहां भले ही 100 कांग्रेस कार्यकर्ता क्यों न आ जाएं, पटखनी देने के लिए काफी है। यहां पर बैठे सब कार्यकर्ताओं में चुनाव जीतने और जिताने की क्षमता है। आपको कुछ सिखाने की जरूरत नहीं है,  सिर्फ स्मरण करने की जरूरत है।

छिंदवाड़ा से करें विजय संकल्प अभियान की शुरुआत

श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में सबसे अधिक चुनाव जीतने का रिकॉर्ड है। पंचायत से लेकर जिला व विधानसभा चुनाव जीतने का अनुभव है। 2019 में 29 में से 28 जिताने वाला कार्यकर्ता मेरे सामने बैठा है। इसलिए संकल्प लें कि लोकसभा चुनाव में इस बार सबसे पहले छिंदवाड़ा की सीट जीतकर विजय संकल्प अभियान की शुरूआत करेंगे। इस संकल्प को अगर हमें सिद्ध करना है तो 2023 में डेढ़ सौ से अधिक सीटें जीतकर भाजपा का भगवा एक बार फिर मध्यप्रदेश में लहराना होगा। हमें चुनाव सरकार बनाने के लिए नहीं जीतना है, बल्कि इसलिए जीतना है ताकि बंढाटार और कमलनाथ की सालों तक चुनाव के बारे में सोचने की हिम्मत न हो। उन्होंने कहा कि हम विजय के अधिकारी हैं, हमें चुनाव लड़ना और लड़ाना आता है। हमारा उद्देश्य पवित्र है, हमारे संकल्प में स्व का भाव नहीं है, हमारा संकल्प गरीब कल्याण है। हमें 150 सीटें जीतने के लिए चुनाव लड़ना है। इतना बड़ा चुनाव लड़ना है तो जोश से नहीं होश से काम करना है। मतदाता सूची के हर पेज से 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का चुनाव लड़ना है।

नहीं चलेंगे जातिवाद, तुष्टिकरण और परिवारवाद

गृहमंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि  2018 में चुनाव हम नहीं हारे थे, एक लाख वोट हमें अधिक मिले थे। इस बार जातिवाद, तुष्टिकरण, परिवारवाद सामने आएगा, लेकिन यह सब चलने वाला नहीं है क्योंकि प्रदेश की जनता कांग्रेस को अच्छी तरीके से जान गई है। इस बार राष्ट्रवाद की विजय होगी। हर पेज प्रमुख के साथ बैठकर 50 प्रतिशत वोट हासिल करने का संकल्प दिलाना है। यहां से हमें यही संकल्प लेकर जाना है। हमारी विजय बहुत जरूरी है।  

जनसंघ के संकल्पों को मोदी सरकार ने किया पूरा

श्री शाह ने कहा कि आज भाजपा सभी तरह के वैभव से युक्त है। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक, बंगाल से कच्छ और लद्दाख से कन्याकुमारी तक भाजपा के जयकारे और भारत माता की जय सुनाई देती है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की ख्याति और उनकी सिद्धियों के माध्यम से आज दुनियाभर में भारत माता का जयघोष हो रहा है। जिस उद्देश्य के लिए पार्टी को बनाया गया था, उसकी पूर्ति होते हुए हम देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसंघ की स्थापना के समय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, पुर्नजागरण, भारत माता को वैभव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया था, जिसे मोदी सरकार ने 2019 में ही पूरा कर लिया है। इसलिए देश की प्रगति के लिए सरकार बनाना बहुत आवश्यक है। यह विजय आपका पराक्रम और आपका लक्ष्य है। यदि आपने मन से संकल्प ले लिया तो 30 साल तक भाजपा का भगवा ध्वज देश और प्रदेश में लहराता रहेगा।

आतंकवाद को समूल नष्ट किया मोदी सरकार ने

केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल में देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। देश में जब कांग्रेस की सरकारें थी, पाकिस्तान से सिमी, आईएसआई के आतंकी घुसते थे और हमारी सेना पर हमला करते थे। लेकिन मौनी बाबा कुछ नहीं बोलते थे, चुप रहते थे। मोदी जी आए, उरी में हमला हुआ तो पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल, एयर स्ट्राइक कर आतंकवाद का समूल नष्ट किया। हमने इस देश को सुरक्षित करने का काम किया। भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए सारे काम किए हैं। आज भारत की तरफ पूरी दुनिया विश्वास के साथ देख रही है। आज भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पांच साल में हम तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। हम पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के संकल्पों को पूरा कर रहे हैं। आज हर गरीब को अपना जीवन स्तर सुधारने का मौका सरकार ने दिया है। 9 सालों में गरीबों का जीवन स्तर सुधारने का काम केन्द्र सरकार ने किया है।

लिखें और कमाएं       

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment