"तुम भाग्यशाली हो, मैं SDM हूँ..." दुष्कर्म के आरोप में SDM गिरफ्तार!
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ में तैनात डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को पुलिस ने दुष्कर्म और शादी का झांसा देकर शोषण करने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुलिस ने उनके सरकारी आवास पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया, जिसके बाद कोर्ट ने आरोपी अधिकारी को 19 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दरअसल, पीड़िता द्वारा सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई शिकायत और पुलिस को दिए बयानों के अनुसार, यह मामला काफी समय से चल रहा था। आरोपी अरविंद माहौर ने फेसबुक पर अपनी असली पहचान छुपाकर पीड़िता से संपर्क किया था और खुद को एक 'इंजीनियर' बताया था।: पीड़िता के अनुसार, 30 मार्च 2025 को आरोपी उसे बैरियर रेस्ट हाउस के पीछे ले गया और कार में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता रोने लगी और शिकायत करने की बात कही, तो अरविंद ने उसे दिलासा देते हुए कहा, "मैं तुमसे शादी करूँगा। तुम भाग्यशाली हो, मैं SDM हूँ।"
इसके बाद आरोपी ने सबलगढ़ और ग्वालियर सहित कई जगहों पर पीड़िता का शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया और उसे व उसके परिवार को धमकियां देने लगा। पीड़िता और डिप्टी कलेक्टर के बीच पिछले डेढ़ साल से बातचीत चल रही थी। पीड़िता ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी के साथ हुई पूरी व्हाट्सएप चैट, वीडियो और फोटो संभाल कर रखे थे।
पुलिस का बयान: पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, व्हाट्सएप चैट में आरोपी द्वारा की गई बातें इतनी अश्लील थीं कि देखकर अधिकारी भी शर्मसार हो गए। चूंकि मामला एक बड़े सरकारी अधिकारी से जुड़ा था, इसलिए पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मराज मीना के निर्देश पर पूरी जांच की गई। साक्ष्य सही पाए जाने के बाद ही सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
अरविंद माहौर का महिलाओं से जुड़े मामलों में यह कोई पहला विवाद नहीं है। वे पहले भी महिलाओं को लेकर विवादों में घिरे रहे हैं। पिछले दिनों एक अन्य शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री ने उन्हें निलंबित (सस्पेंड) कर दिया था। बहाल होने के कुछ ही समय बाद एक बार फिर यह नया मामला सामने आ गया, जिसके बाद शासन ने उन्हें एक बार फिर तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पीड़िता के पिता खुद पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। जब पीड़िता ने सबूतों के साथ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, तो पुलिस को अंदेशा था कि आरोपी अधिकारी गुरुवार सुबह तक फरार हो सकता है। इसी डर से पुलिस ने देर रात ही उनके सरकारी आवास पर दबिश देकर उन्हें धर दबोचा।
"तुम भाग्यशाली हो, मैं SDM हूँ..." दुष्कर्म के आरोप में SDM गिरफ्तार!