24 घंटे में हुआ हत्या का खुलासा
20 वार करके शरीर को किया छलनी, गोली भी मारी
अर्पित उपाध्याय/खबर नेशन/Khabar Nation
विदिशा। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक को 20 बार चाकुओं से गोदकर और गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया था।
विदिशा पुलिस ने एक दिन पहले सुआखेड़ी गांव में खदान पर एक व्यक्ति की लाश बरामद की थी। जिसकी हत्या कर वहां फेंका गया था। 24 घंटे के दौरान ही पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता के जरिए आरोपियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एएसपी संजय साहू ने बताया कि पैसों के लेनदेन पर यह हत्या हुई है। वहीं मृतक की पत्नि से एक आरोपी के एकतरफा प्रेम की बात भी पुलिस ने कही है। उन्होंने बताया कि बुधवार की देर रात मृतक दिलीप उपाध्याय आरोपी विनय शर्मा के साथ शराब पार्टी में शामिल हुआ। इसमें विनय के तीन अन्य दोस्त संदीप कुशवाह, मयंक पंथी और रचित नामक युवक भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात 9 बजे के लगभग सभी सांची की ओर गए। वहां शराब पार्टी हुई। उसके बाद लौटते वक्त बीच रास्ते पर किसी स्थान पर चार पहिया वाहन में ही दिलीप उपाध्याय की हत्या कर दी गई। हत्या करने में चाकू और कट्टे का भी इस्तेमाल किया गया है। दाहिनी ओर छाती में चाकुओं के 15 से ज्यादा वार हैं। इसके अलावा पीठ और सिर में भी गहरे घाव हैं।
हत्या के पीछे की वजह बताते हुए एएसपी ने बताया कि मृतक के साथ आरोपी विनय का पैसों का लेनदेन था। साथ ही साथ विनय मृतक की पत्नि को एकतरफा प्रेम करता था। पत्नि से पूछताछ के बाद ही विनय का नाम सामने आया था। उसी के आधार पर विनय के नंबर को ट्रेस किया गया। जिसमें वह पचमढ़ी में होना पाया गया। पचमढ़ी पुलिस की मदद से उसे और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से दो चाकू, एक कट्टा और मृतक के तीन लाख 90 हजार रूपए भी बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने हत्या की धारा 302, सबूत मिटाने की धारा 201 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं इस मामले में लूट की धाराओं में इजाफा हो सकता है। इस हत्याकांड के खुलासे में सीएसपी विकास पांडे, कोतवाली टीआई वीरेन्द्र झा,
सिविल लाइन थाना टीआई कमलेश सोनी, योगेन्द्र परमार, शिवेन्द्र पाठक, संजय सिंह, पवन जैन, सोनू राजपूत, सुनील गंधर्व, शैलेष धाड़ी, जयकुमार, आकाश राणा, यशपाल जादौन, कुलदीप कमल, जितेन्द्र, विजय आदि शामिल हैं।