नाबालिग बेटी तलाशने डीजीपी से गुहार
नाबालिग के अपहरण में क्या कार्यवाही हुई नहीं बता रही नरसिंहपुर जिले की ठेमी पुलिस ?
अमर नोरिया खबर नेशन Khabar Nation
नरसिंहपुर - जिले सहित प्रदेश भर में जारी लॉकडाउन और गांव गांव लोगों की आवाजाही की जानकारी के बीच थाना ठेमी के अंतर्गत ग्राम डूडी सिमरी में गत 14 अप्रैल 2020 की रात करीब 10 से 1 बजे के बीच कक्षा 10 वीं में अध्ययनरत एक बालिका को गांव का ही एक युवक लक्ष्मण पिता धनपत लोधी बहलाफुसला कर कहां ले गया है इसकी जानकारी नहीं लग रही है । अपनी नाबालिग बेटी को लगभग 3 माह से अपने रिश्तेदारों सहित अन्य स्थानों पर खोज खबर लेते हुए पिता ने बताया कि उसने अपनी बेटी के घर से अचानक गायब होने की सूचना थाना ठेमी में दर्ज कराई जिसपर 15 अप्रैल 2020 को प्रकरण क्र.0137/2020 धारा 363 दर्ज किया गया है किन्तु पुलिस को जिस युवक की नामजद सूचना दी गई थी उसको ठेमी पुलिस ने नजरअंदाज कर दिया है । बेटी की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद किसी भी प्रकार की पुलिस कार्यवाही न होने को लेकर पीड़ित पिता गत 27 मई 2020 को पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर के पास भी अपनी फरियाद लेकर पहुंचा था जिसमें उसने एक आवेदन देकर गांव के ही एक युवक लक्ष्मण पिता धनपत लोधी के द्वारा अपनी बेटी को बहलाफुसला कर ले जाने बात कही किन्तु उसके बाद भी उसकी शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं कुछ दिन बाद गत 7 अगस्त को ठेमी थाने से उसे सूचना मिली कि उसकी नाबालिग बेटी मिल गई है वह थाने आ जाये,वह जब थाने पहुंचा तो उसे नरसिंहपुर कोर्ट चलने कहा गया जब नरसिंहपुर कोर्ट आया तो थाना ठेमी में पदस्थ महिला उपनिरीक्षक ने उसे कोर्ट बन्द कहने की बात कहकर कोरे कागजात पर दस्तखत करवा लिए और वापिस थाना ठेमी लेकर आये और पीड़ित को उसके घर जाने की बोल दिया गया । नाबालिग के पिता ने जब इस पूरे मामले में आरोपी युवक पर की गई कार्यवाही की जानकारी सूचना के अधिकार के तहत भी मांगी तो उसे 2 माह से कहीं एसडीओपी कार्यालय गोटेगांव तो कहीं एसपी कार्यालय,नरसिंहपुर से जानकारी देने के बहाने भटकाया जा रहा है । अंततः ठेमी पुलिस से परेशान हो पीड़ित पिता ने आज राज्य महिला आयोग सहित पुलिस महानिदेशक के पास आवेदन भेजकर अपनी नाबालिग बेटी को 4 माह तक बहला फुसलाकर रखने वाले आरोपी युवक सहित ठेमी पुलिस के अधिकारियों पर कार्यवाही किये जाने हेतु न्याय की गुहार लगाई है ।