फावड़े से हत्या कर पलंग पेटी में छुपाया शव

 


मुखबिरी का शक और पुरानी रंजिश पर हुई हत्या 
अर्पित उपाध्याय खबर नेशन Khabar Nation
विदिशा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हलाली कालोनी में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जिसमें भोपाल बैरागढ़ निवासी एक व्यक्ति की फावड़े से हत्या करने के बाद उसे पलंग पेटी में छुपा दिया गया। हत्याकांड में महिलाओं के भी शामिल होने की बात पुलिस ने कही है। हत्या के पीछे मुखबिरी का शक और पुरानी रंजिश होना बताया जा रहा है। 
बुधवार की देर रात साढ़े 10 बजे के लगभग एफसीआई गोदाम के पीछे हलाली कालोनी के एक मकान में पुलिस की कई गाडिय़ां पहुंची। रात में ही वहां से शव को बरामद किया गया। जिसकी हत्या की गई थी। मृतक की पहचान 52 वर्षीय कमल शिवकामी पुत्र इंदर सिंह के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार वर्तमान समय में मृतक बैरागढ़ भोपाल में रह रहा था। कुछ समय पहले वह विदिशा में रहता था। 
पुलिस के अनुसार मृतक कमल शिवकामी के भाई पप्पन शिवकामी गांजा तस्करी के मामले में जेल में बंद है। हत्या करने वालों को शक था कि कमल ने ही पुलिस से मुखबिरी कर पप्पन को गिरफ्तार कराया है। वहीं पारिवारिक रंजिश के चलते इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया। हत्याकांड को अंजाम देने वालों में रानी रैकवार, मम्मू रैकवार, अंजली और अंकित अहिरवार के नाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रानी पप्पन की पत्नि है। पति को जेल भेजने के शक में उसने साजिश कर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। 
पुलिस के अनुसार घटनाक्रम बुधवार दोपहर का है। पुलिस को देर रात घटना की जानकारी मिली। रात साढ़े 10 बजे के लगभग शव को बरामद किया और साढ़े 12 बजे के लगभग हत्या की धारा 302, 301, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया। गुरूवार की सुबह शव का पीएम कराया गया। आरोपियों की तलाश जारी है। सुबह के समय एएसपी संजय साहू, सिविल लाइन  थाना टीआई कमलेश सोनी ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की तफ्तीश की। फिलहाल इस मामले में पुलिस मृतक के भोपाल में रहते विदिशा आने के सवाल को तलाश रही है। इधर मृतक कमल शिवकामी की पत्नि कविता शिवकामी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। 
इनका कहना है
बुधवार की दोपहर हत्याकांड की सूचना मिली है। शव को बरामद कर पीएम कराय गया है। हत्या के दौरान महिलाओ के भी शामिल होने की बात सामने आ रही है। आरोपी फिलहाल फरार हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
- संजय साहू, एएसपी विदिशा

Share:


Related Articles


Leave a Comment