सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले को थाने ले गई पुलिस, अगले दिन कुएं में मिला शव
भोपाल, । ‘‘नौ मामलों में संज्ञान’’
मप्र मानव अधिकार आयोग के मान. अध्यक्ष श्री मनोहर ममतानी ने ‘‘नौ मामलों में संज्ञान’’ लेकर संबंधितों से जवाब मांगा है।
खबर नेशन/ Khabar Nation
कमरे से डाक्टर गायब, बाहर मरीज की कतारें, कंपाउंडर कर रहे इलाज
भोपाल शहर के वार्ड नंबर एक में गांधी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और संत हिरदाराम नगर के सिविल अस्प्ताल में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर हैं। यहां न तो इलाज मिलता है और न हीं इमरजेंसी में डाक्टर मिलते हैं। मरीज प्रायवेट अस्पताल में इलाज के लिये जाने को मजबूर हैं। बीते बुधवार को सुबह 10 बजे एक दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता गांधी नगर के सामुदयिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे तो सिर्फ वहां सफाईकर्मी व मरीज ही दिखे। एक भी डाक्टर उपस्थित नहीं था। डाक्टर्स के रूम के बाहर मरीज उनका इंतजार कर रहे थे। इमरजेंसी में भी डाक्टर्स नहीं थे। मरीजों ने बताया कि यहां रोजाना यही हाल है। बिलकुल ऐसी ही स्थिति संत हिरदाराम नगर सिविल अस्पताल में भी मिली। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने सीएमएचओ, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में 15 दिन में जवाब मांगा है।
सब जेल डबरा में कैदी ने फांसी लगाकर दी जान
ग्वालियर जिले की डबरा सब जेल में दुष्कर्म व अपहरण के मामले में विचाराधीन कैदी अविनाश उर्फ गोलू छीपा ने बीते गुरूवार को बंद बैरक में फांसी लगा ली। शाम की गिनती में कैदियों की संख्या कम मिली, तो जेल प्रबंधन को बैरक के जंगले में चादर का फंदा पर एक कैदी लटका मिला। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने जेल अधीक्षक, सब जेल डबरा से एक माह में जवाब मांगा है।
केन्द्रीय जेल जबलपुर में कैदी की मौत
जबलपुर शहर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस केन्द्रीय जेल में कैदी मोनू विश्वकर्मा की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जेल में उससे मारपीट की गई। वहीं जेल प्रबंधन का कहना है कि नशा नहीं मिलने से उसकी मौत हुई है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने अधीक्षक, केन्द्रीय जेल, जबलपुर से एक माह में जवाब मांगा है।
जंगल में डोरी बीनने गई महिला को बाघ ने मारा
शहडोल जिले के ब्योहारी वन परिक्षेत्र के गोदावल के जंगल में डोरी बीनने गई बुई बाई गोंड पति श्री सोखीलाल गोंड, निवासी धनेरा को जंगली जानवर ने अपना शिकार बना लिया। डीएफओ, उत्तर वन मंडल ने बताया कि महिला के शव से लगभग 300 मीटर दूर नाला के पास बाघ के पंजे के निशान देखे गये हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि बाघ के हमले से ही महिला की मौत हुई होगी। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने वन मंडलाधिकारी, उत्तर वन मंडल, शहडोल से प्रकरण की जांच कराकर मृतिका के वैध वारिसों को शासन के नियम/योजनानुसार देय मुआवजा राशि के संबंध में तथा क्षेत्र में जन सुरक्षा के उपायों के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत
अनूपपुर जिले के अमरकंटक थानांतर्गत आकाशीय बिजली गिरने से केशव मेहरा (24 वर्ष), खेमवती (11 वर्ष) एवं तेजप्रताप (6 वर्ष) की मौत हो गई। पुष्पराजगढ़ तहसील और अमरकंटक के ग्राम पंचायत पोठी अंतर्गत किरगाही गांव के टमाटर के एक खेत में आकाशीय बिजली गिरी। इस दौरान एक युवक और दो बच्चे बिजली की चपेट में आ गये और तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अमरकंटक थाना पुलिस शव पंचनामा की कार्यवाही के बाद तीनों मृतकों के शव को अमरकंटक लेकर आई। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, अनूपपुर से प्रकरण की जांच कराकर तीनों मृतकों के वैध वारिसों को शासन के नियम/योजनानुसार देय मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
हनुमान ताल से मिला युवक का शव, किनारे पर थी चप्पल और शर्ट
रतलाम शहर के उत्तरी क्षेत्र में प्रसिद्ध हनुमान ताल में बीते गुरूवार को विनोबा नगर निवासी जीवन का शव नजर आया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों तरीके से जांच में जुटी है कि युवक ने आत्महत्या की है या वह नहाने गया था और डूबने से उसकी मौत हो गई है। हनुमान ताल किनारे युवक की चप्पल और शर्ट रखी हुई थी, जबकि उसने लोअर पहना हुआ था। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, रतलाम से प्रकरण की जांच कराकर मृतक के वैध वारिसों को शासन के नियम/योजनानुसार देय मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
उज्जैन-गरोठ मार्ग मंे मिट्टी के लिये खोदे गये तालाब में डूबने से दो किशोर की मौत
उज्जैन जिले में बीते गुरूवार को ग्राम कालियदेह पंचक्रोशी मार्ग किनारे एक तालब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। तालाब उज्जैन-गरोठ निर्माणाधीन मार्ग में मिट्टी डालने के लिये खोदा गया था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में दोनों शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्प्ताल भिजवाये। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों ने मिट्टी के लिये करीब 40 फीट तक तालाब की खुदाई की थी और गढ़ढा खुला छोड़ दिया। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, उज्जैन से प्रकरण की जांच कराकर उपेक्षा करने वाले अधिकारियों/व्यक्तियों के विरूद्ध की गई कार्यवाही एवं मृतकों के वैध वारिसों को शासन के नियम/योजनानुसार देय मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले को थाने ले गई पुलिस, अगले दिन कुएं में मिला शव
अलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजादनगर थाना अंतर्गत ग्राम कोरिवापान निवासी सीएम हेल्पलाइन में शिकायतकर्ता रोजगार सहायक मोबिलाइजर कैलाश का बीते गुरूवार को कुएं में शव मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिस कैलाश को थाने लेकर गई थी, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। लोगों के आक्रोश को देखते हुये चंद्रशेखर आजादनगर थाना के थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, अलीराजपुर से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में थाना चंद्रशेखर आजादनगर से संबंधित रोजनामचा रजिस्टर के इंद्राज की प्रतियों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित एक माह में जवाब मांगा है।
प्रतिबंध के बाद भी खोल दी गईं अवैध शराब की दुकानें
श्योपुर जिले के कराहल विकासखंड में शराब पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध होने के बाद भी खुले आम शराब बिक रही है। होटल, ढ़ाबों से लेकर किराने की छोटी-छोटी दुकानों पर शराब उपलब्ध है। कराहल का एक भी गांव ऐसा नहीं है, जहां अंग्रेजी और देशी शराब न बिकती हो। स्थिति यह है कि प्रतिबंध के बाद भी कराहल में हर महीने करोडों रूपये की अवैध शराब आदिवासियों को खपाई जा रही है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं जिला आबकारी अधिकारी, श्योपुर से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
नसबंदी आॅपरेशन के दूसरे ही दिन महिला की मौत
आयोग की अनुशंसा पर महिला के पति को मुआवजा राशि के रूप में मिले दो लाख रूपये
मप्र मानव अधिकार की एक अनुशंसा का पालन कर लिया गया है। राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोग को इस आशय का प्रतिवेदन दिया गया है। प्रतिवेदन के अनुसार नसबंदी आॅपरेशन के बाद महिला की मौत हो जाने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मृत महिला के वैध वारिस उसके पति को दो लाख रूपये क्षतिपूर्ति राशि दे दी गई है। उल्लेखनीय है कि मप्र मानव अधिकार आयोग द्वारा एक दैनिक समाचार पत्र में सागर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बण्डा में नसबंदी आॅपरेषन के बाद दूसरे दिन ही एक महिला श्रीमती अभिलाषा पत्नी श्री राधे लोधी की मौत हो जाने के मामले में 20 नवम्बर 2022 को संज्ञान लिया था। महिला की मौत पर परिजनों ने आॅपरेषन में लापरवाही का आरोप लगाते हुये ग्रामीणों ने बण्डा मुख्य मार्ग में चक्काजाम कर दिया था। तब पुलिस और प्रषासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को जांच कर दोषियों पर कार्यवाही का आष्वासन देकर जाम खुलवाया था। मामले में मप्र मानवाधिकार आयोग ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सागर से जवाब मांगा था। आयोग द्वारा मामले की निरंतर सुनवाई कर मृतिका के वैध वारिसों को दो लाख रूप्ये मुआवजा राशि देने की अनुशंसा की गई थी। अंततः स्वास्थ्य विभाग द्वारा मृतिका के पति को दो लाख रूपये क्षतिपूर्ति राशि दे दी गई। चूंकि मृतिका के पति को मुआवजा राशि मिल चुकी है, इसलिये आयोग में यह मामला अब समाप्त कर दिया गया है।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999