मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग का 28वां स्थापना दिवस कार्यक्रम
खबर नेशन / Khabar Nation
उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी के मुख्यातिथ्य में ‘‘शुद्ध वायु का अधिकार-मानव अधिकार’’ पर कार्यक्रम 11 सितम्बर को
अपने स्थापना वर्ष से ही मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग, भोपाल प्रतिवर्ष मानव अधिकारों के संरक्षण की दिशा में जनसंवेदना प्रसार हेतु समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।
इसी अनुक्रम में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा अपने 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार, 11 सितम्बर 2022 को सुबह 10ः30 बजे से आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल के लघु सभागार (ऑडिटोरियम) में होगा। कार्यक्रम का केन्द्रीय विषय ‘‘शुद्ध वायु का अधिकार-मानव अधिकार’’ रखा गया है। कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन सामान्य, फील्ड अधिकारियों व विधि विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण से पैदा होने वाले विपरीत हालातों के बारे में विस्तार से अवगत कराना एवं उन्हें वायु प्रदूषण को रोकने की दिशा में सक्रिय होने के लिये संवेदनशील बनाना है। आयोग के 28वे स्थापना दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली के न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति जितेन्द्र कुमार माहेश्वरी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार जैन करेंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय सदस्यद्वय मनोहर ममतानी एवं सरबजीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा उच्चतम न्यायालय, नई दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील कुमार जैन कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा आमंत्रित न्यायमूर्तिगण, न्यायाधीशगण, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग, भोपाल के सचिव शोभित जैन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बी.बी. शर्मा, राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण, वायु प्रदूूषण निवारण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले शासकीय संगठनों में मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) भोपाल, पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) भोपाल सहित उद्योग संचालनालय, मप्र शासन के अधिकारीगण तथा कैरियर काॅलेज आॅफ लाॅ व राजीव गांधी लाॅ काॅलेज, भोपाल में अध्ययनरत विद्यार्थीगण भी प्रतिभागी के रूप में उपस्थित रहेंगे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999