किसानों के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी की पोल खोल रहे भाजपा कार्यकर्ता

 

4 नवंबर को होने वाले प्रदेशव्यापी किसान आक्रोश आंदोलन की तैयारियां जोरों पर
Khabar Nation / खबर नेशन
भोपाल। कमलनाथ सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों की साथ की गई वादाखिलाफी, किसानों की उपेक्षा जैसे मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा किसानों के साथ प्रदेशव्यापी ‘किसान आक्रोश आंदोलन’ किया जा रहा है। पार्टी के स्तर पर इस आंदोलन की तैयारियां जारी हैं और पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर कांग्रेस सरकार के झूठ को किसानों के सामने बेनकाब कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा द्वारा 4 नवंबर को प्रस्तावित ‘किसान आक्रोश आंदोलन’ को सफल और प्रभावी बनाने के लिए जोरशोर से इसकी तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी द्वारा प्रत्येक जिले में आंदोलन की कमान वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है, जिसकी सूची जारी कर दी गई है। इसके अलावा आंदोलन के प्रत्येक पहलू पर विचार कर समूची तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है। संगठन के स्तर पर की जाने वाली तैयारियों के अलावा पार्टी का सबसे अधिक जोर मैदानी तैयारियों पर है और इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर रहे हैं।

कांग्रेस के छल की याद दिला रहे कार्यकर्ता

गांव-गांव में किसानों से मिल रहे पार्टी कार्यकर्ता उन्हें कांग्रेस द्वारा प्रदेश के किसानों के साथ किए गए छल की याद दिला रहे हैं। उन्हें बता रहे हैं कि किस तरह कांग्रेस ने कर्जमाफी का वादा किया था और उस वादे का क्या हुआ। बिजली के बिल को हॉफ करने की बात कही थी, लेकिन कैसे लंबे-चौड़े बिल आ रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि भाजपा की सरकार किसानों को किस फसल पर कितना बोनस देती थी, प्राकृतिक आपदाओं के समय भाजपा सरकार का रवैया कैसा रहता था, कितनी तत्परता और उदारता से भाजपा की सरकार किसानों की मदद के लिए आगे आती थी और अब कांग्रेस सरकार का किसानों के प्रति सोच और व्यवहार कैसा है। चूंकि इस आंदोलन के दौरान बिजली के बढ़े हुए बिलों की होली भी जलाई जाएगी, इसलिए कार्यकर्ता किसानों से आग्रह कर रहे हैं कि वे अपने साथ अपने गांव के बढ़ी हुई राशि वाले बिजली के बिल अवश्य साथ लेकर आएं। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment