भाजपा व्यक्ति नहीं विचार पर आधारित संगठन है: राकेश सिंह

 

संभागीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा अनुच्छेद 370 और 35ए का हटना सबल नेतृत्व का परिणाम

Khabar Nation

जबलपुर। देश में अनेक राजनीतिक दल हैं जो व्यक्ति आधारित हैं। जिसमें व्यक्ति प्रमुख और विचार गौण होते हैं और इसी कारण उस दल का विकास नहीं हो पाता। जिस दल में विचार प्रमुख होता है। वह व्यक्ति आधारित नहीं होता। भारतीय जनता पार्टी ऐसा ही विचार आधारित दल है। राष्ट्रवाद हमारी विचारधारा का मूल है, जिसमें देश प्रथम और दल उसके बाद होता है। यहीं कारण है कि हमारे संगठन का प्रारम्भ तो पर अंत नही है क्योकि विचार कभी समाप्त नही होते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने जबलपुर में संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष के साथ पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत भी बैठक में विशेष रूप से मौजूद थे। बैठक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने वृक्षारोपण किया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने रविवार को जबलपुर के रानीताल स्थित संभागीय पार्टी कार्यालय में  सदस्यता अभियान को लेकर  बैठक ली। बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद श्री वीरेंद्र खटीक, प्रदेश महामंत्री व सांसद श्री वीडी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विनोद गोंटिया, सांसद श्री राव उदयप्रताप सिंह, श्री कैलाश सोनी, श्रीमती सम्पतिया उइके, संभागीय सदस्यता प्रभारी श्री जसवंतसिंह हाडा, संगठन मंत्री श्री केशव भदौरिया मंचासीन थे। स्वागत भाषण नगर जिला अध्यक्ष श्री जीएस ठाकुर ने दिया। 
मोदी जी ने श्यामाप्रसाद मुखर्जी के स्वप्न को पूरा किया
प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व का ही परिणाम है कि सरकार ने अनुच्छेद 370 को एक झटके में लोकसभा व राज्यसभा से पारित करवा लिया। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करते हुए 370 को हटाकर कश्मीरवासियों को स्वतंत्रता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम इस अद्वितीय निर्णय में सहभागी बने हैं। श्री सिंह ने कहा हम सभी ने देखा है कि  1952 के बाद का यह संसद का यह सत्र मोदी जी के नेतृत्व में सर्वाधिक काम करने वाले सत्र के रूप में सम्पन्न हुआ है।
हम पार्टी को परिवार मानने वाले है न कि परिवार को पार्टी
       प्रदेश अध्यक्ष श्री  सिंह ने कहा कि हम पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण कार्य संगठन पर्व के रूप में पार्टी के सदस्यता अभियान में जुटे हैं। क्योंकि हम पार्टी को परिवार मानने वाले है न कि परिवार को पार्टी और इसी का परिणाम है कि हमारी पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना है। उन्होंने कहा कि इस सदस्यता अभियान के माध्यम से भाजपा अपनी सदस्य संख्या में वृद्धि कर परिवार का विस्तार कर रही है। हमारे सदस्यता अभियान को संगठन पर्व का नाम इसीलिए दिया गया क्योंकि हम पर्व को परिवार में मनाते है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन का विस्तार सदस्यता से ही होगा और हमारा सदस्यता अभियान तय लक्ष्य को पूर्ण करेगा। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को अभियान में प्राणप्रण से जुट जाने की बात कही। 
20 अगस्त तक चलेगा सदस्यता अभियान: भगत
      प्रदेश संगठन महामंत्री ने बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी से आम जन जुड़ने को आतूर है। बड़ी संख्या में पार्टी के समर्थक सदस्य बनना चाहते हैं और यही कारण है कि सदस्यता अभियान की अंतिम तिथि 11 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त तक कर दी गई है। उन्होंने सक्रिय सदस्य बनने के लिए प्रत्येक साधारण सदस्य को 25 सदस्य बनाने की बात करते हुए कहा कि पार्टी का सक्रिय सदस्य ही संगठन में पदाधिकारी बन सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पर्व को हमे हर जिला मुख्यालय में धूमधाम से मनाना है और 15 अगस्त को मंडल, वार्ड और  पंचायत स्तर तक झण्डारोहण कार्यक्रम किया जाये। संगठन महामंत्री ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कार्ययोजना बनाकर उन्हें मंडल एवं बूथ स्तर तक आयोजित करने की बात कही। बैठक का संचालन युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे एवं आभार ग्रामीण जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल ने व्यक्त किया।
बैठक में संभाग के जबलपुर नगर, जबलपुर ग्रामीण, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडोरी से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, सांसद, विधायक, सदस्यता प्रभारी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment