भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की आवाज बनकर मिशन 2018 में जुटेगा

कांग्रेस ने जातियों के आधार पर समाज को बांटने का काम किया: सिंह

उमरिया। हमारे यहां हेलीकाप्टर से प्रदेश अध्यक्ष नहीं उतारे जाते। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित राजनैतिक दल हैं। एक साधारण कार्यकर्ता ही भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनता हैं। पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की आवाज बनकर मिशन 2018 और 2019 में जुटेगा। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने शहडोल संभाग के अपने संभागीय प्रवास की शुरूआत करते हुए उमरिया में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उनके साथ पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद अजयप्रताप सिंह मौजूद थे।

सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का छोटे से छोटा कार्यकर्ता शिखर तक पहुंचता हैं। कुशाभाऊ ठाकरे, नानाजी देशमुख, राजमाता सिंधिया, प्यारेलाल खण्डेलवाल और सुंदरलाल पटवा जैसे संगठन मनीषियों ने अपने परिश्रम के बल पर भारतीय जनता पार्टी का मजबूत संगठन खड़ा किया हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का निर्माण किया हैं। आज इसी मेहनत के बल पर केन्द्र में मोदी सरकार एवं मध्यप्रदेश में लगातार तीसरी बार हमारी सरकार बनी हैं। लोकतांत्रिक देश में किसी भी सरकार ने इतने काम नहीं किए, जितने केन्द्र में मोदी सरकार और प्रदेश में शिवराज सरकार ने जनकल्याण के काम किए हैं। सिंह ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि हमारी सरकार की अपार उपलब्धियां हैं। हम पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाए और उन्हें उपलब्धियों से अवगत कराए।

राकेश सिंह ने  संभागीय यात्रा शाहपुरा कुंडम से प्रारंभ किया। शाहपुरा कुंडम से स्वागत रैली और कार्यकर्ताओं से भेंटकर उमरिया के लिए रवाना हुए। उमरिया के घुघरी में कार्यकर्ताओं ने राकेश सिंह की भव्य अगवानी की। उमरिया नगर में विभिन्न स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पहारों से स्वागत सत्कार किया गया।

उमरिया के गांधी चौक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश और प्रदेश में सबसे अधिक सत्तासीन रही। वोट के लिए कांग्रेस ने हमेशा जातियों को बांटने का काम किया। आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से समाज में खाई बनाने का काम कांग्रेस हमेशा करती आयी हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उस भेदभाव को खत्म कर खाई पाटने का काम किया और यही कारण हैं कि जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा पर विश्वास किया। उन्होंने कहा कि हमारा करोड़ो कार्यकर्ताओं का परिवार हैं, जबकि कांग्रेस में सिर्फ एक परिवार के इर्द-गिर्द राजनीति हैं। हमारे लिए सत्ता सेवा का माध्यम हैं, जबकि कांग्रेस में एक परिवार को स्थापित करना ही एकमात्र लक्ष्य हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक मतों से विजय प्राप्त करेगी और इस विजय के पीछे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की महती भूमिका होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने मुझे यह दायित्व सौंपा हैं। मैं प्रत्येक कार्यकर्ता के स्वाभिमान और सम्मान के लिए काम करूंगा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को विश्वास दिलाते हुए अबकी बार 200 पार के नारे लगाए। स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष मनीष सिंह ने दिया।

इस अवसर पर सांसद ज्ञान सिंह, विधायक मीना सिंह, शिवनारायण सिंह, धुर्वेप्रताप सिंह, राकेश शर्मा, गिरीश गौतम, राजेन्द्र तिवारी, चन्द्रप्रकाश द्विवेदी सहित पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधिगण, समस्त मोर्चा प्रकोष्ठ, विभाग एवं प्रकल्प के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment