विकास के सपने दिखाने वालों ने किया था विनाश

खबरनेशन / Khabarnation

विकास के सपने दिखाने वालों ने किया था विनाशः शिवराज सिंह चौहान

गरीबी हटाओ का सपना दिखाया था,अब किसानों को कर्जमाफी का दिखा रहे हैं

 

                धार/झाबुआ/अलीराजपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकास के सपने दिखाना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। 1971 में स्व. इंदिराजी ने दिखाए थे और अब उनकी पीढ़ी के लोग दिखा रहे हैं, लेकिन उन्हें क्या पता कि वे सिर्फ वादा करते हैं और उनके वादों को पूरा करने का काम भाजपा की सरकार करती है। कांग्रेस के राजा, महाराज और उद्योगपति मध्यप्रदेश में किसानों को कर्जमाफी के सपने दिखा रहे हैं। उन्होंने पंजाब और कर्नाटक में भी वादे किए थे, लेकिन आज तक पूरे नहीं हुए। मुख्यमंत्री धार जिले के सरदारपुर विधानसभा के दसई में पार्टी प्रत्याशी संजय बघेल, झाबुआ जिले की पेटलावद विधानसभा के बमनिया में प्रत्याशी निर्मला भूरिया एवं थांदला प्रत्याशी कलसिंह भावर और अलीराजपुर जिले के जोबट में पार्टी प्रत्याशी माधव सिंह डाबर के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने झोपड़िया दी थीं, हमने पक्के मकान दिए

                मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में आदिवासी, गरीबों को घास, भूसे की झोपड़ियों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता था। उनकी कई पीढ़ियों ने इन झोपड़ियों में जिंदगी गुजार दी, लेकिन इन राजा, महाराजा और उद्योगपतियों को उस समय उनकी सुध नहीं आई। भाजपा की सरकार ने इन गरीबों को पक्के मकान दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक कोई भी गरीब बिना मकान के नहीं रहेगा। हर व्यक्ति को उसका मकान दे दिया जाएगा।

अब गुस्सा आ रहा है, तड़पड़ा रहे हैं

                मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस के लोगों को गुस्सा आ रहा है। वे कुर्सी के लिए तड़पड़ा रहे हैं। 15 वर्षों से सत्ता से दूर हैं, इसलिए रातों को नींद भी नहीं आ रही है। रात में भी उनको सपने में शिवराज सिंह चौहान दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को पता नहीं था कि ये दुबला-पतला व्यक्ति इतने वर्षों तक सरकार चला लेगा, क्योंकि वे मानते थे कि सरकार चलाने का अधिकार सिर्फ राजा, महाराजा और उद्योगपतियों को ही है। ये किसान का बेटा क्या सरकार चलाएगा, लेकिन यह लोकतंत्र हैं। यहां पर जनता की यह फैसला करती है कि सत्ता की चाबी किसको देना है। उन्होंने कहा कि जनता ने मुझे सेवा करने का मौका दिया तो मैंने भी दिन-रात सेवा करने के लिए एक कर दी। मैं भी रातों को सोता नहीं हूं, लेकिन मैं जनता की सेवा के लिए नहीं सोता हूं और वे कुर्सी के लिए जागते रहते हैं।

विकास ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

                मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकास ही भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमने मध्यप्रदेश को 15 वर्षों में बीमारू राज्य से बाहर निकालकर विकासशील बनाया, फिर विकसित बनाया और अब समृद्ध मध्यप्रदेश बनाएंगे। इस समृद्ध मध्यप्रदेश में हम आदिवासियों को पूरी तरह सक्षम बनाएंगे, महिलाओं को उनके अधिकार दिलाएंगे, उनका सशक्तिकरण करेंगे। बेटे-बेटियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जसवंत भावर, झाबुआ के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment