भाजपा आंखों में आंखें डालकर राजनीति करती है, आंखों में धूल झोंककर नहीं : राजनाथ सिंह

खबरनेशन / Khabarnation

भाजपा आंखों में आंखें डालकर राजनीति करती हैआंखों में

धूल झोंककर नहीं : राजनाथ सिंह

फैक्ट्री में आलू बनाने का काम सिर्फ कांग्रेस कर सकती है

                सिंगरौली/रीवा। भाजपा ने हमेशा आंखों में आंखें डालकर राजनीति की है। आंखों में धूल झोंककर कभी राजनीति नहीं की। भाजपा ने देश-प्रदेश की जनता से कभी झूठे वायदे नहीं किए, जो वायदे किए उन्हें हर हाल में पूरा भी किया है। ये बातें केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कही। वे सिंगरौली में भाजपा प्रत्याशी रामलल्लू वैश्य और रीवा जिले की विधानसभा गुढ़ में पार्टी प्रत्याशी नागेंद्र सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस ने वायदे कभी पूरे नहीं किए

                केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से झूठे वायदे करती रही है। 1971 में स्व. इंदिराजी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था और बैंकों का राष्ट्रीयकरण यह कहते हुए किया था कि हम गरीबों तक पैसा पहुंचाएंगे। लेकिन उन्होंने न तो देश-प्रदेशों से गरीबी हटाई और न ही गरीबों तक पैसा पहुंचा। गरीबों तक पैसे पहुंचाने का काम भाजपा की सरकारों ने किया है। हर गरीब का खाता खुलवाया है और उनके खातों में पैसा जमा कराया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब और कर्नाटक के चुनाव में भी वादा किया था कि सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। कर्नाटक में किसान आंदोलन करने को मजबूर हैं। अब वहां की सरकार ने किसानों को नोटिस देना शुरू कर दिया है, लेकिन उनका कर्जमाफ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस मध्यप्रदेश के किसानों को कर्जमाफी का सपना दिखा रही है।

तो राजनीति किसी के लिए संपत्ति बन जाती है

                केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण ने भी की थी। यह राजनीति जब पर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम जैसे लोगों के हाथों में जाती है तो भक्ति बन जाती है। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने धरा राज्य की स्थापना करने के लिए राजनीति की थी। उनके सामने एक बड़ा लक्ष्य था, लेकिन जब भगवान श्रीकृष्ण राजनीति करते हैं तो वह युक्ति बन जाती है। उन्होंने कहा कि जब भारत परतंत्र था तो नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने इस देश के जवानों से आहवान किया था कि तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा और महात्मा गांधी ने सारे देश से एकजुट होने का आह्वान किया था। जब महात्मा गांधी और सुभाषचंद्र बोस के हाथों में राजनीति जाती है तो वह शक्ति बन जाती है और जब राजनीति चंद्रशेखर आजाद, खुदीराम बोस, सरदार भगत सिंह, अशफाक उल्ला जैसे वीरों के हाथों में जाती है तो यह मुक्ति बन जाती है। लेकिन कुछ ऐसे भी नेता होते हैं कि जिनके हाथों में राजनीति जाती है तो संपत्ति बन जाती है तो कुछ के लिए विपत्ती बन जाती है।

कांग्रेस को डेंटेड, पेंटेड और सेंटेड चेहरे चाहिए

                केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह कांग्रेस के नेताओं पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती फिर रही है कि 13 साल हो गए हैं मध्यप्रदेश में एक ही चेहरे को इस बार बदलना है। उन्होंने कहा कि सरकार चेहरे के दम पर चाहिए कि काम के दम पर। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चैहान ने जो काम किए हैं वे कांग्रेस की 54 वर्ष की सरकार में अब तक किसी ने भी नहीं किए। 2003 से पहले मध्यप्रदेश में लगातार 10 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही। उस समय कृषि की विकास दर 3 प्रतिशत हुआ करती थी, लेकिन पिछले 15 वर्षों में यह कृषि विकास दर देश के अन्य राज्यों में सबसे अधिक 20 प्रतिशत हो गई है। 2003 से पहले प्रति व्यक्ति आय बमुश्किल से 15 हजार रूपए थी, लेकिन 2018 में यह 80 हजार रूपए प्रति व्यक्ति हो गई है। 2003 से पहले मध्यप्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद एक लाख 12 हजार करोड़ था और पिछले 15 वर्षों में उसे बढ़ाकर सात गुना ज्यादा किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शिवराज सिंह चैहान का चेहरा पसंद नहीं है। उन्हें तो डेंटेड, पेंटेड और सेंटेड चेहरे चाहिए। ऐसे चेहरे कांग्रेस के पास ही है भाजपा ऐसे चेहरे कहां से लाए।

एक मुख्यमंत्री बन गया तो कई बाहर हो जाएंगे

                केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में अब तक अपना नेता तय नहीं किया है। वहां पर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग मुख्यमंत्री हैं। यदि कांग्रेस ने किसी एक चेहरे को मुख्यमंत्री तय कर दिया तो कई नेता कांग्रेस से बाहर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिनकी पार्टी अब तक यह तय नहीं कर पाई है कि उनका नेता कौन होगा वह पार्टी मध्यप्रदेश में सरकार बनाने के सपने कैसे देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक नेता फैक्ट्री में आलू बनाने की बातें करते हैं। मुझे लगा यह तो अच्छी बात है किसानों की कई परेशानियां दूर हो जाएंगी, लेकिन फैक्ट्री में आलू बनाने का काम कांग्रेस के नेता ही कर सकते हैं। यह काम भाजपा नहीं कर सकती।

सिर्फ साढ़े चार साल ही मिली केंद्र से मदद

                केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भले ही मध्यप्रदेश में पिछले 15 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन मध्यप्रदेश को पिछले साढ़े चार वर्षों में ही केंद्र से मदद मिली है, क्योंकि इससे पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस की सरकार में मांगने पर भी कुछ नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने विकास के जो आयाम स्थापित किए हैं वे अब तक कभी नहीं हुए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो काम किया है किसी ने नहीं किए हैं। गरीबों को घर, सिलेंडर, शौचालय दिया। उन्होंने कहा कि एक हमारे प्रधानमंत्री हुए थे श्रदेय अटलबिहारी वाजपेयी, जिन्होंने देश की गरिमा दुनियाभर में बढ़ाई थी। उनके कार्यकाल में ही देशभर के एक-एक गांवों में सड़कों का जाल बिछा था। प्रधानमंत्री सड़क योजना वे ही लेकर आए थे।

बंटवारे की राजनीति कर रही है कांग्रेस

                केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। हम सबका साथ-सबका विकास की बातें कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की नीति और नीयति फूट डालो शासन करो की रही है। कमलनाथ के वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस दबाव एव बटवारें की राजनीति कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने हमारे पांच सैनिकों की हत्या की, जिसके बदले में हमने सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। इस मौके पर गिरीश द्विवेदी, रामसुमिरन गुप्ता, वीरेंद्र मिश्रा, महापौर प्रेमवती खैरवार, चन्द्रप्रताप विश्वकर्मा, शिवेन्द्र बहादुर सिंह दादोली, नंदकेश सिंह, वीरेन्द्र गोयल सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment