विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए सोच में परिवर्तन लाए आम आदमी


मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ द्वारा नगरीय विकास और श्रम योजनाओं का शुभारंभप्रदेश में "शहर की सरकार-आपके द्वार" अभियान प्रारंभ 

खबर नेशन / Khabar Nation

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार के साथ आम आदमी को भी अपनी सोच में परिवर्तन लाना होगा। श्री कमल नाथ आज यहाँ लाल परेड ग्राउण्ड में 'शहर की सरकार-आपके द्वार' और श्रम विभाग की योजनाओं के पोर्टल तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए वूमेन्स कार रैली का शुभारम्भ कर रहे थे। कार्यक्रम में भोपाल जिले के प्रभारी सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह, जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि जन-सुविधाओं को आसानी से लोगों तक पहुँचाने के लिए जिन योजनाओं को आज प्रारंभ किया जा रहा है, उसके लिए आज से बड़ा ऐतिहासिक दिन कोई दूसरा हो नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर हम उनके विचारों के अनुरूप ही जरूरतमंदों को मदद करने की शुरूआत करने जा रहे है। श्री कमल नाथ ने कहा कि महात्मा गांधी पर्यावरण के प्रति सजग थे। उन्होंने वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए देसी तरीके अपनाए थे और लोगों को भी इसके लिये प्रेरित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा  कि योजनाएँ तो बहुत अच्छी बनती हैं लेकिन उसके क्रियान्वयन में गड़बड़ी होने के कारण लोगों को उसका लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन योजना शुरू होने से हम अपने डिलीवरी सिस्टम में सुधार ला सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल को स्वच्छता और अन्य क्षेत्रों में अव्वल बनाने के लिए सरकार के साथ लोगों के सहयोग की भी जरूरत है। उन्होंने बताया कि केन्द्र में पर्यावरण मंत्री रहते उन्होंने भोपाल की बड़ी झील के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाओं में धन राशि उपलब्ध कराई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि सभी लोग मिलकर अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ बनाएँ। उन्होंने लोगों से प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आव्हान किया। 
नगरीय विकास एवं आवस मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश पूरे देश में पहला राज्य है, जहाँ 'शहर की सरकार-आपके द्वार' अभियान का मुख्यमंत्री आज शुभारंभ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 378 नगरीय निकायों में यह अभियान चलेगा। हर वार्ड में कैम्प लगाए जाएँगे और लोगों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि नगरीय निकायों में जन-सुविधा के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। आम नागरिक अपने मोबाइल से जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र तथा व्यापार, व्यवसाय से जुड़े लायसेंस, नल कनेक्शन आदि सुविधाएँ प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम को श्रम मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया और भोपाल नगर निगम के महापौर श्री आलोक शर्मा ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने लाल परेड ग्राउण्ड से महिलाओं की पर्यावरण और स्वच्छता कार रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सफाई दरोगाओं को दी जा रही ई-मोटर बाइक एवं नए स्वच्छता वाहनों तथा श्रम कल्याण मंडल के पोर्टल का लोकार्पण किया। मंडल के इस पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के छ: लाख श्रमिकों एवं उनके परिवार को 10 योजनाओं का लाभ मिलेगा। वे परिवार घर बैठकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने श्रम मंडल की अनुग्रह सहायता योजना में श्रीमती संगीता चौधरी तथा सेमलदास सोनवानी को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने इस मौके पर स्वच्छता गीत का विमोचन किया और सफाई मित्रों को वाहन, ड्रेस तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण प्रदान किए। उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संगठनों तथा स्व-सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया।
समारोह में विधायक श्री आरिफ मसूद, नगर निगम परिषद के अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह चौहान तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment