भोपाल में खुलेगी देश की पहली ई-वेस्ट क्लीनिक
तीन महीने पायलट प्रोजेक्ट के तहत होगा ट्रायल, फिर इंडिया लेवल पर बनेंगी क्लीनिक
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण मण्डल और नगर निगम के बीच बनी सहमति, सीपीसीबी ने किया दौरा
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। देश की पहली ई-वेस्ट क्लीनिक भोपाल में बनने जा रही है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण मण्डल और नगर निगम भोपाल के बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर सहमति बन गई है। शुक्रवार को सीपीसीबी के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन सहित मटेरियल रिकवरी सेंटर और भानपुर खंती स्थित प्लास्टिक रिकवरी सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद निगम आयुक्त बी विजय दत्ता के साथ सीपीसीबी के अधिकारियों ने चर्चा की। इस दौरान दोनों के बीच एमओयू साईन हुआ। जिसके तहत भोपाल में ही ई-वेस्ट क्लीनिक खोलने पर सहमति बनी।
शुक्रवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नई दिल्ली के दल में डायरेक्टर विनोद कुमार बाबू डायरेक्टर, एडिशनल डायरेक्टर आनंद कुमार ने तकनीकी जानकारियां लेते हुए नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन सहित मटेरियल रिकवरी सेंटर और भानपुर खंती स्थित प्लास्टिक रिकवरी सेंटर का जायजा लिया। इसके बाद यह दल नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता से मिलने निगम कार्यालय पहुंचा, जहां निगम अधिकारियों के साथ हुई लंबी चर्चा हुई। सीपीसीबी अधिकारियों ने कहा कि हम देश का पहला ई-वेस्ट क्लीनिक भोपाल में खोलने जा रहे हैं। जिसके तहत शहर से निकलने वाले ई-वेस्ट का वैज्ञानिक निष्पादन होगा और इसके एकत्रीकरण से लेकर लोगों में जागरूकता के लिए निगम सहयोग करेगा। यह प्रोजेक्ट अपशिष्ट प्रबंधन नीति 2016 के तहत होगा। सीपीसीबी अधिकारियों ने बताया कि पहले तीन महीने इस पूरे प्रोजेक्ट पर पायलट प्रोजेक्ट की तर्ज पर काम किया जाएगा। इसके बाद पूरे इंडिया में इसी तरह के क्लीनिक खोले जाएंगे। निगम अधिकारियों और सीपीसीबी अधिकारियों के बीच हुई चर्चा के दौरान निगम अधिकारियों ने बताया कि ई-वेस्ट कलेक्शन के लिए अभी तक भोपाल में कोई सेंटर नहीं है।भविष्य की प्लानिंग को देखते हुए इसकी संभावनाएं भोपाल में अधिक हैं। इस पर सीपीसीबी अधिकारियों ने भी कहा कि वर्तमान में इसकी संभावना अधिक है, इसलिए हम भी चाहते हैं कि देश का पहला शहर भोपाल होगा, जहां साईंटिफिक तरीके से ई-वेस्ट का निष्पादन किया जाएगा।