स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति का दिलाया संकल्प
बाजारों में प्रतियोगिता शुरू, 2 अक्टूबर को सम्मानित होंगे व्यापारी संघ
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति दिलाने के लिए शहर के बाजारों में प्रतियोगिता शुरू हो गई हैं। नगर निगम के नेतृत्व में स्व सहायता समूह पूरे सप्ताह नागरिकों के बीच जाकर जनजागरूकता फैला रहे हैं और प्लास्टिक से मुक्ति के लिए संकल्प दिला रहे हैं। इसी कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अलग अलग जोन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाजारों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गुरुवार को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत जोन 4 के अंतर्गत वार्ड नंबर 18 स्थित
राधा कृष्ण कॉलोनी छोला रोड
में सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनजीओ बेसिक्स टीम ने प्रीति कॉन्वेन्ट स्कूल में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की समझाईश दी। सभी को सिंगल यूज़ प्लासिटक से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया और 1 टाइम उपयोग करने वाले प्लास्टिक-पॉलीथिन- डिस्पोजल को कलेक्ट किया गया। इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब 100 स्टूडेंस उपस्थित रहे। इसी प्रकार शा. मा. शा. बिरजिसिया स्कूल में कार्यक्रम के तहत करीब 150 स्टूडेंस मौजूद रहे।
*दुकानदारों को पढ़ाया स्वच्छता का पाठ*
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के लिए जंग कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम की सहयोगी संस्था सानिध्य समिति के साथ गेल इंडिया लिमिटेड ने असीमा मॉल जोन 13 वार्ड 54 में वन टाइम प्लास्टिक यूज़ न करने के लिए अभियान चलाया। कार्यक्रम में असीमा मॉल के आस पास दुकानदारों को समझाइश दी गई कि पॉलीथिन का उपयोग बंद कर ग्राहकों को घर से कपड़े का थैला लाने को कहें। साथ ही नागरिकों को पॉलीथिन की आदत से छुटकारा दिलाने के लिए प्रण लिया।
*प्लास्टिक के अलावा दूसरे विकल्प भी मौजूद हैं*
कार्यक्रम के तहत ज्वाला संस्थान
जोन क्रमांक 11 के वार्ड 39 और 40 के मदीना मस्जिद क्षेत्र, 80 फ़ीट पेट्रोल पंप और फ्लेक्स स्कूल में सिंगल यूज़ प्लास्टिक यानि एक ही बार इस्तेमाल के लायक प्लास्टिक के बारे में सभी को जानकारी पदी गई। उन्हें बताया गया कि इसके विकल्प के तौर पर हम क्या और कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
विकल्प के रूप में उन्हें प्लास्टिक स्ट्रॉ की जगह पेपर के बने स्ट्रॉ का इस्तेमाल करने को कहा। वहीं प्लास्टिक की पानी के बोतलों की जगह शीशा, धातु, कॉपर और सेरामिक की बनी बोतलों का इस्तेमाल करने के बारे में बताया गया। यह मार्केट में आसानी से उपलब्ध हैं। इसके अलावा प्लास्टिक के कप की जगह दोबारा इस्तेमाल होने वाले कप लेकर अपने साथ जाएं। आप पेपर की प्याली भी इस्तेमाल कर सकते हैं। प्लास्टिक की थैली की जगह जूट की बनी थैली या कागज की बनी थैली का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्लास्टिक की चाकू, चम्मच आदि के स्थान पर आप स्टेनलेस स्टील की के सामान इस्तेमाल कर सकते हैं। लकड़ी के चम्मच भी मार्केट में उपलब्ध हैं, उनको इस्तेमाल कर सकते हैं।
*रैली निकाल कर दिया स्वस्थ्य रहने का संदेश*
जोन 2 के वार्ड नंबर 6 में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के लिए रैली का आयोजन किया गया। एनजीओ बेसिक्स टीम ने लालघाटी गुफ़ा मंदिर रोड पर रैली निकाल कर सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने की सलाह दी।रैली के माध्यम से व्यापारियों को समझाईश दी गई। सभी को सिंगल यूज़ प्लासिटक से होने वाले नुकसान के बारे में रोल प्ले एवं रैली के माध्यम से बताया गया। इसके अलावा जोन 8 के वार्ड 35 स्थित जहांगीराबाद में एचएमएस टीम ने रोड पर लगने वाले ठेले वालों को वन टाइम प्लास्टिक यूज़ पॉलिथीन का उपयोग करने से रोका ओर उनको कपड़े के बने थैली में ही सामान देने को कहा।
*गांधी जयंती पर सम्मानित होंगे व्यापारी*
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नगर निगम पूरे सप्ताह शहर के बाजारों में एनजीओ के साथ मिलकर लोगों को सिंगल यूज पॉलीथिन के दुष्प्रभाव से अवगत करा रहा है। इसके साथ ही बाजारों में विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले व्यापारियों को 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर सम्मानित किया जाएगा।