जिस स्कूल में रुके थे गांधी जी, वहीं से शुरू हुआ संकल्प यात्रा का दूसरा चरण
खबर नेशन / khabar nation
खजुराहो। भारतीय जनता पार्टी के खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी के तिलक राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के उस कक्ष से गांधी संकल्प यात्रा का द्वितीय चरण गुरुवार को शुरू किया, जिसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने 2 दिसंबर 1933 की रात्रि को विश्राम किया था। “रघुपति राघव राजा राम“ का गायन करते हुए गांधी संकल्प यात्रा यहां से रवाना हुई।
सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी व्यक्ति न होकर विचार थे। गांधी जी के विचार पूरे विश्व के लिए आदर्श है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने कामों और अभियानों से गांधी जी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी ऐसी कई कुरीतियां हैं, जिन्हें दूर किए जाने आवश्यकता है। उन्होंने पदयात्रा के दौरान ऐसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर स्थानीय विधायक, महापौर, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी के जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।