सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को साकार करने में अल्पसंख्यक मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका
अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एजाज खान के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
खबर नेशन/ Khabar Nation
भोपाल। कांग्रेस ने अल्पसंख्यक वर्ग को हमेशा वोट बैंक समझा और उन्हें भारतीय जनता पार्टी के बारे में भ्रमित करने का काम किया। कांग्रेस ने भाजपा को अल्पसंख्यक वर्ग की विरोधी पार्टी बताया ताकि यह वर्ग भाजपा से जुड न सके। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा सबका साथ और सबका विकास के मंत्र को आगे बढाया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस मंत्र को आगे बढाते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की बात कही। प्रधानमंत्री जी के इस मंत्र को साकार करने में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री एजाज खान के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम को मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जमाल सिद्दीकी ने भी संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने नवनियुक्त मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश के हर बूथ तक सरकार की योजनाएं और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री एजाज खान ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा कक्ष में पदभार ग्रहण किया। पदभार के पूर्व प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जमाल सिद्दीकी सहित मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं के साथ श्री खान ने पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिसके पश्चात पदभार ग्रहण समारोह को पार्टी नेताओं ने संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनें, इसके लिए पार्टी ने अलग अलग मोर्चो का गठन किया है। अल्पसंख्यक वर्ग भाजपा से जुड़ें, इसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अल्पसंख्यक मोर्चा की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अल्पसंख्यक मोर्चा ने बखूबी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अल्पसंख्यक वर्ग में पार्टी की रीति नीति पहुंचाने का काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री एजाज खान पार्टी के काम को और मजबूती के साथ पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में सभी समाज वर्ग के उत्थान के लिए भारतीय जनता पार्टी कार्य कर रही है। भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी कांग्रेस की तरह वोट बैंक की राजनीति नहीं की। भाजपा समाज को जोडने और उनके कल्याण के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन कर उन्हें जमीन पर साकार करती है।
बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिल रहा
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आज केन्द्र और राज्य में बिना भेदभाव से काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हर वर्ग के गरीब को पक्का मकान मिला है। वहीं आयुष्मान योजना का लाभ भी हर समाज के व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान सम्मान पूरे विश्व में बढा है। प्रधानमंत्री जी ने कोरोनाकाल में बांग्लादेश, इजराइल जैसे मुस्लिम देशों में वसुधैव कुंटुंबकम की भावना की साथ उन्हें वैक्सीन उपलब्ध करायी। विपरीत परिस्थितियों में भी उनका साथ दिया। आज पूरे विश्व में प्रधानमंत्री जी को वैश्विक नेता के रूप में जाना जाता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार मोदी जी के नेतृत्व में विकास और गरीब कल्याण के मंत्र पर कार्य कर रही है।
सरकार की योजनाएं हर बूथ तक पहुंचाए - जमाल सिद्दीकी
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जमाल सिद्दीकी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनें, इसके लिए अल्पसंख्यक वर्ग के हर तबके तक मोर्चा की पहुंच हो। पार्टी की विचारधारा के साथ हमें केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करना है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा विधानसभा चुनाव की तैयारियों की लिहाज से कार्यक्रमों की रचना करे और उन्हें पूरी मजबूती के साथ नीचे तक ले जाएं। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री एजाज खान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मुझे जो दायित्व दिया है उसको पूरा करने में कार्यकर्ताओं का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा। मोर्चा के काम को हमें बूथ स्तर पर ले जाना है। कार्यक्रम को मोर्चा के प्रदेश प्रभारी व पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री प्रभुदयाल कुशवाह, मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री तनवीर अहमद एवं वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सनवर पटेल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनीस, पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल, तेलंगाना के मोर्चा महामंत्री श्री मोहम्मद याकूब मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन मोर्चा प्रदेश महामंत्री श्री जावेद अख्तर व आभार भोपाल मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री शहरयार अहमद ने माना। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी और संगठनात्मक जिलों के मोर्चा जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999