संत रविदास मंदिर के लिए एक मुट्ठी मिट्टी, एक ईंट और एक मुट्ठी चावल लेकर पहुंचेंगे कार्यकर्ता : हितानंद जी

एक विचार Apr 02, 2023

 

 

कांग्रेस ने अम्बेडकर जी को चुनाव हराने का महापाप किया

मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री ने कहा- अजा मोर्चा पार्टी की बड़ी ताक़त, आगामी चुनाव की जीत में मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी

खबर नेशन / Khabar Nation  

 

 

भोपाल। कांग्रेस कई सालों तक सत्ता में रही लेकिन अम्बेडकर जी की जन्मस्थली पर एक ईंट भी नहीं लगाई। कांग्रेस ने ही अनुसूचित समाज के गौरव बाबा भीमराव अम्बेडकर जी को चुनाव हराने का महापाप किया। अनुसूचित वर्ग की सही मायनों में सच्ची हितैषी अगर कोई पार्टी है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा की सरकार ने ही महू में अम्बेडकर जी की जन्मस्थली पर भव्य स्मारक और बाबा साहब के जीवन से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थो के रूप में विकसित किया है। अनुसूचित वर्ग सबसे ज्यादा मजबूत भारतीय जनता पार्टी में है। अनुसूचित मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार के कामों को नीचे तक लेकर जाएं और जो लोग अनुसूचित समाज के बीच भ्रम फैला रहें है उन्हें मुहतोड़ जवाब दें। यह बात मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री  हितानन्द जी ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित अनुसूचित जाति मोर्चा की वृहद बैठक में कही। बैठक में मोर्चा अध्यक्ष  कैलाश जाटव ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। बांस विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  घनश्याम पिरोनिया, विधायक  सुभाष वर्मा, मोर्चा महामंत्री  मनीष राजोरिया, भगवान परमार सहित मोर्चा पदाधिकारी मंचासीन थे।

 

सागर में 100 करोड़ की लागत से बनेगा संत रविदास का भव्य मंदिर : शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास अनुसूचित जाति मोर्चा के रूप में एक बहुत बड़ी ताकत है। इस ताकत के होते हुए कोई भी भ्रम फैलाए, यह बर्दाश्त नहीं है। मोर्चा के कार्यकर्ता सजग और सावधान होकर समाज में भ्रम फैलाने वालो को करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति के लिए अनेकों काम किए हैं। सरकार ने तय किया है कि सागर में संत रविदास जी महाराज का 100 करोड़ की लागत से भव्य मंदिर बनेगा। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। इस मंदिर में संत रविदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व के दर्शन होंगे। इस मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम भव्य हो और संपूर्ण समाज की इसमें भागीदारी हो इसके लिए अभियान चलेगा। इसे सफल बनाने के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा तैयारियों में जुटे। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को ग्वालियर में महाकुंभ का आयोजन होगा, इसमें समाज के हर घर की भागीदारी हो इसकी चिंता मोर्चा करे। उन्होंने मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना में अनुसूचित बस्तियों की बहनों के नाम जुड़े, इसकी जिम्मेदारी मोर्चा की है। उन्होंने मोर्चा के छात्रावास संपर्क अभियान को एक उपयोगी कार्यक्रम बताया।

 

संगठन तंत्र की मजबूती और विजय संकल्प लेकर मोर्चा कार्यकर्ता आगे बढ़ें : विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हर समाज वर्ग का जीवन स्तर ऊंचा हो, इसके लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी हर गरीब के जीवन में बदलाव लाने का काम कर रहे हैं। आजादी के 75 वर्षों में कांग्रेस ने कभी भी अनुसूचित वर्ग की चिंता नहीं की।  नरेंद्र मोदी जी जब प्रधानमंत्री बने, तब उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब इलाज के अभाव में नहीं मरेगा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का लाभ देकर हर गरीब को 5 लाख तक मुफ्त इलाज का सुरक्षा कवच दिया। उन्होंने कहा कि झूठ, छल और कपट की राजनीति करने वाली कांग्रेस अपना अस्तित्व खो रही है। उसका एकमात्र उद्देश्य समाज में वैमनस्यता पैदा करना है। मोर्चा के कार्यकर्ता सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं के साथ पार्टी के प्रवक्ता बनकर प्रत्येक मंडल और बूथ तक जायें और जनता को बताएं कि सही मायनो में भाजपा उनकी हितचिंतक है। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को ग्वालियर में बाबा साहब का महाकुंभ होगा, नवयुवाओं को उसमें जोड़ने का काम मोर्चा करे।  शर्मा ने कहा कि मोर्चा ने आगामी कार्यक्रम तय किये हैं। उन सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सफल क्रियान्वित करें। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को जीत का संकल्प दिलवाते हुए कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत का इतिहास बनाएगी, तो उसका श्रेय अनुसूचित जाति मोर्चा को जाएगा।

 

संत रविदास मंदिर के लिए एक मुट्ठी मिट्टी, एक ईंट और एक मुट्ठी चावल लेकर पहुंचेंगे कार्यकर्ता : हितानंद जी

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री  हितानंद जी ने कहा कि पहले हम प्रदेश, फिर जिले, मंडल और बूथ तक पहुंचे थे, अब बूथ सशक्तिकरण का अभियान के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी हर पन्ना तक पहुंच चुकी है। हम सभी के प्रयासों से बूथ कमेटी और पन्ना कमेटी बन रही है। हमारा काम ‘हर घर भाजपा-घर घर भाजपा’ है, जो पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया की आज शक्ति केंद्र की बैठक हो रही है, 5 और 6 अपै्रल को बूथ सशक्तिकरण का कार्य पूरा करते हुए पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम प्रत्येक बूथ पर होंगे। इस दिन प्रत्येक बूथ पर प्रातः 9 बजे पार्टी का झंडावंदन होगा, इसके बाद बूथ कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि 30 अपै्रल को प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां संस्करण प्रसारित होगा, प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सुनेंगे। 11 अपै्रल को ज्योतिबा फुले की जयंती और 14 अपै्रल को बाबा साहब अम्बेडकर जी जयंती के कार्यक्रम हर बूथ पर आयोजित होंगे, ग्वालियर में 16 अप्रैल को महाकुंभ आयोजित होगा, साथ ही सामाजिक न्याय सप्ताह के अंतर्गत सभी कार्यकर्ता हितग्राहियों से संपर्क-संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि सागर में 100 करोड़ की लागत से बनने वाले संत रविदास मंदिर के निर्माण का अभियान चलेगा। भव्य संत रविदास मंदिर में समाज की भागीदारी हो। इसके लिए सभी क्षेत्रों से मंदिर की नींव भरने के लिए हर घर से मिट्टी, एक इंर्ट और समरसता भोज के लिए एक मुट्ठी चावल लेकर पार्टी कार्यकर्ता सागर पहुंचेंगे। संत रविदास मंदिर निर्माण अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हो, इसकी चिंता मोर्चा करे।

 

लिखें और कमाएं

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment