गरीबों, नौजवानों, दलितों के जीवन को बदलने का काम कर रही है भाजपा सरकारः नरेंद्र सिंह तोमर

एक विचार Sep 15, 2023

केंद्रीय मंत्री ने पाली की जनसभा में कहा- दिग्विजय सिंह, कमलनाथ नहीं समझते जनता का दर्द

वरिष्ठ नेता प्रभात झा, सांसद गणेश सिंह ने भी सभा में उपस्थित जनसमुदाय से मांगा आशीर्वाद

खबर नेशन/ Khabar Nation

उमरिया। कांग्रेस के लोग श्री मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा लागू की गई लाडली बहना योजना पर सवाल उठा रहे हैं। वो कहते हैं कि भाजपा की सरकार वोट के लिए महिलाओं को 1250 रुपये दे रही है। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ जैसे कांग्रेस के ये नेता गरीबों के, जनता के दर्द को नहीं समझते। मैं कांग्रेस के इन नेताओं से पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस ने भी तो महिलाओं को 1500 रुपये महीने देने की बात की थी, लेकिन ये विचार कांग्रेस के लोगों को तब क्यों नहीं आया, जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी ? भारतीय जनता पार्टी किसी को लालच नहीं देती। भाजपा सिर्फ गरीबों, नौजवानों, महिलाओं के जीवन को बदलने का काम करती है। यह बात केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान उमरिया जिले के पाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मुसीबत के समय गायब हो जाते हैं कांग्रेस के लोग

केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जन आशीर्वाद यात्राओं में भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता का जो समर्थन दिखाई दे रहा है, उससे यह साफ हो गया है कि भाजपा उमरिया में भी जीतेगी और देश-प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। श्री तोमर ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस हमारे सामने है। लेकिन कांग्रेस के लोग सिर्फ चुनाव के समय ही दिखाई देते हैं। पांच सालों तक उनका कोई पता नहीं रहता। चाहे ओले गिरें, बाढ़ आए या कोरोना जैसी महामारी आए, कांग्रेस के लोग कहीं दिखाई नहीं देते। लेकिन आप सभी ने देखा होगा कि कोरोना संकट के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता अपनी जान हथेली पर रखकर लोगों के घरों पर खाना पहुंचा रहे थे, दवाएं पहुंचा रहे थे और पीड़ितों की सेवा कर रहे थे। भाजपा की सरकारें तो जनता की सेवा करती ही हैं, पार्टी के कार्यकर्ता भी सेवा करने से पीछे नहीं हटते।

विकास नहीं, विनाश पर भरोसा करती है कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस विकास पर भरोसा नहीं करती। उसका भरोसा विनाश पर है। सभी जानते हैं कि 2003 से पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और उस समय प्रदेश की क्या स्थिति थी। क्या उसे जमाने में सड़कें थी? क्या गांव में बिजली आती थी? क्या घरों में शौचालय थ? क्या गरीब बहनों के घरों में गैस कनेक्शन थे? उस जमाने में हर दौर में अराजकता ही अराजकता थी। सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे थे। आज कांग्रेस के जो लोग वोट मांगने आ रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि शिवराज सिंह चौहान की बुराई करने से वोट नहीं मिलेंगे। नरेंद्र मोदी जी पर प्रहार करने से वोट नहीं मिलेंगे। इधर-उधर की बातें छोड़ो और जनता को यह बताओ कि जब देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें थी, तब तुमने क्या किया? 15 महीनों के लिए कमलनाथ सरकार बनी थी, तब क्या किया? श्री तोमर ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दी थीं। संबल योजना, तीर्थ दर्शन योजना सहित जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दी थीं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए लोगों के नाम नहीं भेजे। सरकार में बैठे लोग अपनी ही जेबें भरने में लगे थे। श्री तोमर ने कहा कि आखिरकार वो सरकार अपने ही बोझ से भरभराकर गिर पड़ी। उसके बाद आई भाजपा की सरकार विकास को समर्पित है और लोगों का जीवन बदलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि  2003 में प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये थी, जो अब 1,40000 रुपये हो गई है। प्रदेश सरकार इसे 5 लाख रुपये तक पहुंचाना चाहती है। कांग्रेस के जमाने में पंचायत स्तर पर एक आवास आता था, लेकिन मोदी जी की सरकार ने शहरों, गांवों और जनजातीय इलाकों में प्रधानमंत्री आवासों की झड़ी लगा दी है। मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री आवास योजना में सबसे आगे हैं और भाजपा की सरकार हर परिवार को आवास मिलने तक रुकेगी नहीं।

अंत्योदय के सपने को साकार कर रही भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारेंः प्रभात झा

जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रभात झा ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि इस समय प्रदेश के जो मुख्यमंत्री हैं और देश के प्रधानमंत्री हैं, वो हमारी भारतीय जनता पार्टी के, पार्टी की विचारधारा के व्यक्ति हैं। देश और प्रदेश की सरकारें पं.दीनदयाल उपाध्याय के अंत्येदय के सपने को साकार कर रही हैं, अपनी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। श्री झा ने कहा कि हमने श्री मनमोहन सिंह की सरकार भी देखी है, जब केंद्र से मिलने वाली राशि के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को उपवास पर बैठना पड़ा था। लेकिन आज देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार है, जो एक रुपये मांगो तो 10 रुपये भेजती है। वरिष्ठ नेता श्री झा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में अभी 60 दिन शेष है और पार्टी का हर कार्यकर्ता ये 60 दिन पूरी तरह से पार्टी को देने का संकल्प लें। कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि वे इन 60 दिनों में कम से कम 100 घरों में जाएंगे और जनहित की उन योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे, जो केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई हैं।

जब से भाजपा सरकार बनी, लगातार हो रहे सेवा और विकास के कामः गणेश सिंह

सभा को संबोधित करते हुए यात्रा प्रभारी सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को लाड़ली बहनों, बुजुर्गों व युवाओं का जिस तरह से समर्थन मिल रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि अंत्योदय के लिए हमारी सरकारों द्वारा शुरू की गई योजनाएं सही दिशा में बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में जब से भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनी है, तब से लगातार सेवा और विकास के काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व को आज सारी दुनिया के नेता स्वीकार कर रहे हैं और पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है।  सभा के दौरान पूर्व सांसद श्री ज्ञान सिंह, सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, प्रदेश सरकार की मंत्री श्रीमती मीना सिंह, पूर्व विधायक श्री रामलाल रौतेल, श्री अनुपम अनुराग अवस्थी, जिलाध्यक्ष श्री दिलीप पाण्डे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री अनिल पटेल, यात्रा प्रभारी श्री मनीष सिंह, श्री सूरज प्रसाद, श्री अर्जुन सिंह, श्री सुरेंद्र गौतम, श्री लक्ष्मण सिंह जी, श्री ब्रज पालीवाल, श्री बहादुर सिंह समेत अन्य नेता मंचासीन रहे।

सबसे बड़ा सर्वे :

मध्यप्रदेश का सबसे भ्रष्ट मंत्री कौन?

जवाब देगी जनता 

मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में संभावित हैं। विपक्षी दल कांग्रेस मध्यप्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहा है। खबर नेशन यह नहीं कहता कि सभी मंत्री भ्रष्ट हैं।

जनता जनार्दन भी कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार का शिकार हुई है। आखिर क्या है वस्तु स्थिति?

कौन है मध्यप्रदेश का भ्रष्ट मंत्री

जनता फैसला करेगी।

हम सर्वे प्रक्रिया आपके समक्ष चालू कर रहे है । दी गई लिंक पर अपना मत देकर सर्वे प्रक्रिया में भाग ले  । आग्रह है आप खबर नेशन डॉट कॉम द्वारा करवाए जाने वाले सर्वे में अपना मत प्रकट करें। आपके निर्णय को प्रकाशित किया जाएगा लेकिन आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।

https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSf-khKny25Yx7o5ZlIAGWxfNC_QdWCsmI4FnYPSf2CwiHqFXA/viewform?usp=sf_link

धन्यवाद

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment