एडमिशन नहीं मिला तो सड़क पर कड़ी धूप में धरने पर बैठने को मजबूर बच्चे
मध्य प्रदेश के मंदसौर में आरटीई यानी शिक्षा के अधिकार योजना के तहत बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं मिलने पर आज कलेक्टर कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन हुआ। करीब 40 डिग्री की भीषण गर्मी में छोटे-छोटे मासूम बच्चे अपने माता-पिता के साथ धरने पर बैठे नजर आए।
ऑनलाइन लॉटरी में बच्चों का चयन
पालकों का आरोप है कि ऑनलाइन लॉटरी में बच्चों का चयन होने के बावजूद निजी स्कूल प्रबंधन प्रवेश देने से मना कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले करीब दो महीनों से अभिभावक प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
प्रबंधन ने एडमिशन देने से इनकार कर दिया
अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों का ऑनलाइन लॉटरी के जरिए स्कूल में चयन हो चुका था और मोबाइल पर प्रवेश से जुड़ा मैसेज भी आया था। लेकिन जब वे बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचे तो प्रबंधन ने एडमिशन देने से इनकार कर दिया।
छोटे-छोटे बच्चे हाथों में छाता लेकर तेज धूप में बैठे
परेशान पालकों का कहना है कि वे पिछले दो महीने से अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। यही वजह है कि मजबूर होकर उन्हें बच्चों के साथ धरने पर बैठना पड़ा। धरने के दौरान छोटे-छोटे बच्चे हाथों में छाता लेकर तेज धूप में बैठे दिखाई दिए। वहीं जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर ने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करना सरासर अन्याय है।