स्मार्ट फोन बना 24 घंटे का गुरु
भोपाल। मैंने सोचा नहीं था कि इतनी जल्दी मेरे पास स्मार्ट फोन होगा। लेकिन मध्यप्रदेश शासन की योजना से मुझे बहुत जल्द स्मार्ट फोन मिलने के साथ ही कॅरियर सेल में इसके पढ़ाई के लिये उपयोग की बातें भी बताई गईं। मैंने नेट के माध्यम से उपयोगी पाठ्य सामग्री सर्च कर उसका लाभ उठाया। परिणाम स्वरूप मेरा सेकेण्ड ईयर का रिजल्ट 67 प्रतिशत रहा, जबकि फर्स्ट ईयर में मात्र 55 प्रतिशत अंक थे। यह सब बातें शहीद भीमा नायक शासकीय स्तानकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी की छात्रा कु. सोनिका पाटीदार ने खुशी-खुशी बताई।
इसी तरह महाविद्यालय के कला संकाय के विद्यार्थी उमेश राठौड़ का कहना हैं कि स्मार्ट फोन आज की अनिवार्य आवश्यकता हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की विद्यार्थियों के लिये यह बहुत बड़ी सौगात हैं। गूगल गुरु के जरिये हम कहीं भी-कभी भी पढ़ाई कर सकते हैं। विभिन्न एप्स के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकते हैं। उल्लेखनीय हैं इस योजना में बड़वानी जिले के 6321 विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन मिल चुके हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)