राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन लक्ष्य के 60 प्रतिशत बच्चों ने पी दवा 

भोपाल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के द्वितीय चरण में पहले दिन प्रदेश में 0 से 5 वर्ष तक के लाखों बच्चों ने पोलियो की खुराक ली। प्रदेश में एक करोड़ 6 लाख लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 60 प्रतिशत बच्चों ने पोलियो की दवा पी। जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया, सागर में गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने ग्वालियर, कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने बालाघाट, और स्वास्थ्य राज्य मंत्री शरद जैन ने जबलपुर में बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सीहोर जिले के रेहटी में हुए कार्यक्रम के दौरान भी अनेक बच्चों को पोलियो की दवा दी गई। भोपाल में लगभग एक लाख 26 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।
 

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आज सेवा के अनूठे उदाहरण प्रस्तुत किये। जे.पी. अस्पताल भोपाल की एएनएम राधा शर्मा इन दिनों चाइल्ड केयर अवकाश पर हैं। इसके बावजूद वे स्व-प्रेरणा से अभियान में शामिल हुईं। भिण्ड जिले के रामशंकर शर्मा के घर गमी होने के बावजूद वे अभियान में शामिल हुए। कोलार के स्वास्थ्य अधिकारी ने रोडवेज की बसों में जाकर बच्चों को दवा पिलाई। राजगढ़ जिले में उर्स मेले में पोलियो बूथ लगाकर बच्चों को दवा पिलाई गई। वहीं रायसेन की विशेष अदालत में हाई कोर्ट जज ने स्वयं पात्र बच्चों को दवा पिलाई।
एनसीसी कार्यकर्ता, प्रशिक्षु नर्सिंग, जन अभियान परिषद और आजीविका मिशन सदस्य, सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी, नवीन पदस्थापित एएनएम, वनांचल

कार्यक्रम में वनकर्मी, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, जन स्वास्थ्य रक्षक, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, आशा सहयोगी, पैरामेडिकल स्टाफ, पॉलीटेक्नीक कॉलेज, मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएँ, स्वयं सेवकों आदि ने भी उत्साह से अभियान में भाग लिया। इन्हें स्वास्थ्य विभाग ने प्रशिक्षित किया था।
 

अभियान में कुछ जिलों में नकारात्मक गतिविधियों की जानकारी मिली। इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विदिशा के विकास खंड त्यौंदा विकासखंड के फोकल पांइन्ट पर हड़ताली कर्मचारियों द्वारा रुकावट पैदा की गई। इनके विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई हैं। बड़वानी जिले के सेंधवा में भी अज्ञात व्यक्तियों ने 4 बूथ केन्द्रों पर टीकाकर्मियों को धमकाया। इसी तरह नरसिंहपुर, छिन्दवाड़ा के जुन्नारदेव और सतना जिले के अमरपाटन में भी अभियान में विघ्न डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment