जो राम का नहीं, वो हमारे काम का नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विदिशा, नर्मदापुरम, राजगढ़ और भोपाल लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर जनसभा को संबोधित किया
-पूर्व मुख्यमंत्री ने चार लोकसभा क्षेत्र के तेंदूखेड़ा, देवरी, सुठालिया, नरसिंहगढ़, कुरावर और श्यामपुर में जनसंपर्क कर जनसभा को संबोधित किया
दर्शन जमीनी कार्यकर्ता, धन-बल के आगे पसीने को पराजित नहीं होने देंगे
राहुल भारत की परंपराओं को ही नहीं जानते
पूर्व सीएम सिंह ने 10 साल में अपने क्षेत्र राजगढ़ का भी विकास नहीं किया
मोदी जी के नेतृत्व में विश्व गुरू बनेगा भारत
- श्री शिवराज सिंह चौहान

 Khabar Nation
भोपाल

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अपने विदिशा लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में घूमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को भी श्री चौहान ने चार लोकसभा सीटों विदिशा, होशंगाबाद, राजगढ़ और भोपाल में जोरो-शोरो से प्रचार किया। श्री चौहान ने होशंगाबाद से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी, राजगढ़ से रोडमल नागर और भोपाल से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस कभी भी किसी का भला नहीं कर सकती है, ये धन का अर्जन करते हैं अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए। इनकी नज़रों में जनता की सेवा का कोई मोल नहीं है। अब ये जनता सिद्ध करेगी कि, हम धन-बल के आगे पसीने को पराजित नहीं होने देंगे।
राहुल गांधी वामपंथियों के बंधक हैं
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, राहुल गांधी वामपंथियों के बंधक है, भारत की सनातन परंपराओं से जुड़े नहीं हैं, वो जानते ही नहीं है कि, भारत की माटी क्या है। अब राहुल गांधी कह रहे थे कि, भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में गरीबों का जिक्र नहीं किया। राहुल जी अब आपको हिंदी नहीं आती है तो हम क्या करें, हिंदी नहीं आती को अंग्रेजी में पढ़ लो और अंग्रेजी भी नहीं आती तो हम इटेलियन भाषा में तो नहीं लिखेंगे। कांग्रेस अपने गलत फैसलों की वजह से गर्त में जा रही है। आयोध्या में राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए, पूरा देश खुशियां मना रहा था लेकिन एक ही पार्टी कांग्रेस गमगीन थी। निमंत्रण कांग्रेस को भी मिला था लेकिन उन्होंने लिखित में ऑन रिकॉर्ड कहा कि, हम नहीं जाएंगे। जब तक सबरज, चांद और ये धरती रहेगी तब तक लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने राममंदिर का विरोध किया है। कांग्रेस, भाजपा और मोदी जी का विरोध करते-करते भगवान राम का ही विरोध करने लगी है।  
धनबल के आगे पसीने को पराजित नहीं होने देंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने होशंगाबाद लोकसभा के तेंदूखेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, ध्यान रखना कांग्रेस को एक ही काम आता है शराब, ये किसी का भला नहीं करेंगे। ये धन का अर्जन अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए करते हैं। जनता की सेवा का कोई मोल इनकी नजरों में नहीं है। ये तेंदूखेड़ा और नरसिंहपुर सिद्ध करेगा कि हम धन-बल के आगे पसीने को पराजित नहीं होने देंगे उसके साथ सारी जनता उठ कर खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि, ये नरसिंहपुर और तेंदूखेड़ा है। यहाँ लोगों को पियक्कड़ बनाने वाले को नहीं फक्कड़ को जनता प्यार करती है।
दिग्विजय सिंह जी ने 10 सालों में राजगढ़ का कोई विकास नहीं किया
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ जिले के सुठालिया में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह पर जमकर हमला बोला। पूर्व सीएम ने कहा कि, दिग्विजय सिंह ने कभी राजगढ़ को पानी तक नहीं दिया। 10 सालों में पानी की एक बूंद भी नहीं दी। कांग्रेस में ही पानी नहीं बचा है तो जनता को क्या पानी देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के जमाने में सड़कें ही नहीं थी, पता ही नहीं चलता था कि, सड़कों में गड्ढे हैं या फिर गड्ढों में सड़क। प्रदेश को कुछ नहीं दिया। बस एक काम किया कि, जाति को जाति से ही लड़वाने का। डिवाईड इन रूल जो अंग्रेज करते थे, बांटो और राज करो, उन्होंने बांट कर राज करने की कोशिश की है। पूरे प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था, कोई विकास नहीं। कांग्रेस की दृष्टि विकास की दृष्टि नहीं है।
हार के डर से मैदान छोड़ दिया
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता सोनिया गांधी ने हार के डर से रायबरेली से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। दूसरे बड़े नेता राहुल गांधी, अमेठी छोड़कर वायनाड चले गए हैं, अमेठी ने कर दिया बायकॉट, तो चले गए वायनाड। राहुल गांधी रणछोड़दास बन गए हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि, मैं 6 बार विधायक और 5 बार सांसद का चुनाव लड़ चुका हूं। अब 12वां चुनाव भी धूम-धाम से लड़ रहा हूं और ये सभी चुनाव मैंने अपने ही क्षेत्र बुधनी और विदिशा से लड़े हैं, जो नेता खुद ही जीतने में सक्षम नहीं है वो कांग्रेस को क्या जिताएगा।
विकास के सारे रिकॉर्ड तोड़ेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, अपने लिए जिए तो क्या जिए। आप जियो दूसरों के लिए। क्योंकि दूसरो की सेवा से ही भगवान भी प्रसन्न होते हैं। हम राजनीति में इसलिए हैं कि, इसके माध्यम से देश और आम जनता की सेवा कर सकें। जनता की सेवा ही भगवान की पूजा है। उन्होंने कहा कि, विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। आप जीत का रिकॉर्ड बनाओ और हम विकास का रिकॉर्ड बनाएंगे। चाहे सिंचाई की व्यवस्था हो, चाहे बिजली, पानी की व्यवस्था हो, चाहे पढ़ाई की व्यवस्था हो। गरीब के बच्चे भी डॉक्टर, इंजीनियर बन सकें इसके लिए राज्य सरकार उनकी फीस की व्यवस्था कर रही है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सीएम राइज़ स्कूल बनाए जा रहे हैं। मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी और लैपटॉप वितरित किए जा रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर क्षेत्र में विकास की गंगा बहा रही है। इसलिए देश व प्रदेश के विकास के लिए मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।  
मोदी जी ने भारत का मान बढ़ाया
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, 2014 से पहले देश में कांग्रेस की सरका थी, तब कहीं भी हमारे देश का कोई मान-सम्मान नहीं था। भारत को घोटालों का देश कहा जाता था। छोटे-छोटे से देश हमें डराते थे, चीन और पाकिस्तान भी आंखें दिखाते थे, लेकिन मोदी जी ने कह दिया कि, हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, और हमें किसी ने छेड़ा तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। रूस-यूक्रेन में युध्द चल रहा था, भारत के बच्चे भी वहां फंसे हुए थे। मोदी जी ने एक फोन रूस के राष्ट्रपति को और एक फोन यूक्रेन के राष्ट्रपति को कर कहा कि, जब हमारे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर निकले तो दोनों तरफ से युध्द थम जाए और जब बच्चे भारत माता की जय के नारे लगाते हुए निकले तो दोनों देशों ने युध्द रोक दिया और हमारे बच्चे सुरक्षित निकल आए। पूर्व सीएम ने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा।
जनसभा में उमड़ा जनसैलाब
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, वो ,जहां भी जाते हैं वहां उन्हें सुनने जनसैलाब उमड़ पड़ता है। हर कोई शिवराज सिंह चौहान की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखाई देता है। बहनें पलक पावड़े बिछाए उनका इंतज़ार करती है। युवा, नौजवान फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत करते हैं। भांजे-भांजियां मामा-मामा पुकारते हुए उनके गले लग जाते हैं और बड़े-बुजुर्ग उनके सिर पर हाथ फेर कर शिवराज को जीत का आशीर्वाद देते हैं। जनसभाओं में तेज़ बारिश के बाद भी लोग भीगते हुए अपने स्थानों पर डटे रहते हैं और खराब मौसम के बाद भी आमजन बारिश से बचने के लिए कुर्सियां सिर पर रखकर शिवराज को सुनते हैं। सोमवार को भी भव्य स्वागत, प्रेम, स्नेह और अपार समर्थन के नज़ारे, तेंदूखेड़ा, देवरी, सुठालिया, नरसिंहगढ़, कुरावर और श्यामपुर में आयोजित जनसभाओं के दौरान देखने को मिले।

Share:


Related Articles


Leave a Comment