सोलर पम्प से 10 एकड़ में भरपूर सिंचाई कर रहे सूर्यकांत पटेल

भोपाल। नरसिंहपुर जिले के गोटेगाँव विकासखण्ड के ग्राम देवनगर पुराना के बरपानीहार में कुछ खेतों में बिजली की लाइन एक किलोमीटर दूर होने से खेतों में सिंचाई में कठिनाई होती थी। इस कठिनाई को दूर करने में मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना सफल हुई है। मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना से अब बिना बिजली के किसान सूर्यकांत पटेल के खेत में सिंचाई हो रही है। इसके साथ ही किसान सूर्यकांत को बिजली के बिल से भी छुटकारा मिल गया है। 

देवनगर पुराना के बरपानीहार में सूर्यकांत पटेल अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर लम्बे समय से खेती-बाड़ी कर रहे हैं। बिजली की लाइन खेत से दूर होने के कारण इन्हें सिंचाई पम्प के लिये बिजली कनेक्शन मिलने में कठिनाई आ रही थी। इन्हें मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना की जानकारी मिली तो इन्होंने ऊर्जा विकास निगम के जिला कार्यालय में सम्पर्क किया। निर्धारित प्रक्रिया में परीक्षण के बाद इनका प्रकरण मंजूर हो गया।

सूर्यकांत बताते हैं कि उनके खेत पर 5 एच.पी. का सब-मर्सिबल सोलर पम्पिंग सिस्टम लगाया गया है। इसकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये है। सूर्यकांत ने इस राशि में से केवल 68 हजार रुपये की राशि अंशदान के रूप में जमा करवाई है। बाकी करीब 85 प्रतिशत राशि योजना में सब्सिडी के रूप में मंजूर हुई है। आज इनके खेत में सोलर पम्प से 10 एकड़ रकबे में भरपूर सिंचाई हो रही है।

किसान सूर्यकांत के खेत में बिना बिजली से सिंचाई होते देखकर क्षेत्र के आसपास के किसानों ने भी मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना का लाभ लेने का मन बनाया है। इन किसानों ने ऊर्जा विकास निगम के जिला कार्यालय में इस सिलसिले में सम्पर्क भी साधा है। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment