मुख्य निर्वाचन आयुक्त रावत को वोटर लिस्ट के संबंध में राजनैतिक दलों ने दिये सुझाव
भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ.पी. रावत से आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में राजनैतिक दलों ने भेंट कर स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन तथा वोटर लिस्ट के संबंध में सुझाव दिये। रावत ने सभी दलों को आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव के पहले वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होगें।
प्रदेश में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, सीपीआई, सीपीआई (एम), त्रिणमूल कांग्रेस और एनसीपी के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग भेंट की। सभी दलों का सुझाव था कि वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण कार्य को यथाशीघ्र पूरा करवाया जाए। रावत ने राजनैतिक दलों के सुझावों को गंभीरता से सुना और इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह, उप चुनाव आयुक्त संदीप सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संदीप यादव, भोपाल संभागायुक्त अजातशत्रु और संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एस.एस. बंसल आदि उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabarnation)