कांग्रेस ने भगवान श्रीरामलला का आमंत्रण ठुकराया है, अब देश की जनता इनको ठुकराएगी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, देवास लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान आयोजित रोड शो, प्रबुद्धजन सम्मेलन, युवा मोर्चा सम्मेलन, बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में भी सहभागिता की एवं पंडित श्री कमल किशोर नागर जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
- कांग्रेस न 75 साल पहले सुधरी थी और न आज सुधर पाई है
- सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ का मंदिर बनाकर गौरव वापस दिलाया
- घमंडिया गठबंधन के सारे बेईमान परेशान है, एक लाइन में खड़े हैं और मोदीजी को गाली दे रहे हैं
- कांग्रेस ऐसी रेल में बैठी है, जिसमें न आगे इंजन है और न ही पीछे इंजन है
- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं
- प्रधानमंत्री श्री मोदीजी बिना अवकाश लिए 25 सालों से लगातार भारत माता की सेवा में जुटे हुए हैं
- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

KHABAR NATION 
मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, देवास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री सुधीर गुप्ता के समर्थन में गरोठ विधानसभा के भानपुरा, सुवासरा विधानसभा के शामगढ़, रतलाम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान के समर्थन में थांदला विधानसभा, उज्जैन लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री अनिल फिरोजिया के समर्थन में महिदपुर विधानसभा एवं देवास लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री महेंद्र सिंह सोलंकी के समर्थन में आष्टा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी न 75 साल पहले सुधरी थी और न ही आज सुधर पाई है। ये आजादी के बाद से लगातार पाप किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने भगवान श्रीरामलला का आमंत्रण ठुकराया है, अब देश की जनता इनको ठुकराएगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ का मंदिर बनाकर गौरव वापस दिलाया था। अब घमंडिया गठबंधन के सारे बेईमान परेशान हैं और एक लाइन में खड़े होकर मोदीजी को गाली दे रहे हैं। कांग्रेस ऐसी रेल में बैठी है, जिसमें न आगे इंजन है और न ही पीछे इंजन है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। वे बिना अवकाश लिए 25 सालों से लगातार भारत माता की सेवा में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान मंदसौर में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया एवं रतलाम के अंबापाडा में पं. श्री कमल किशोर नागर की कथा में सम्मिलित होकर उनसे आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान थांदला विधानसभा एवं आष्टा में रोड शो किया तो वहीं उज्जैन में युवा मोर्चा के सम्मेलन व सोनकच्छ विधानसभा में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया।
कांग्रेस की बहुसंख्यक समाज से दुश्मनी है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की बहुसंख्यक समाज से दुश्मनी है। दुश्मनी तो इनकी देशभक्त अल्पसंख्यकों से भी है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से देश के बहुसंख्यकों के साथ छलावा किया है। कांग्रेस को जब भी अच्छे कामों के लिए निमंत्रण दिया गया तो उन्होंने उस निमंत्रण को ठुकराया। पंडित जवाहरलाल नेहरू जी से लेकर आज की पीढ़ी तक में ये समस्या है। जब सोमनाथ का मंदिर तोड़ दिया गया तो उसे बनवाने की पहल सरदार वल्लभ भाई ने की। मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में कांग्रेस को आमंत्रण दिया गया तो जब भी इन्होंने आमंत्रण ठुकराया। इन्होंने भगवान सोमनाथ से भी दुश्मनी निभाई थी और अब भगवान श्रीराम से भी दुश्मनी निभाई है। ये उनकी प्राण-प्रतिष्ठा में भी नहीं पहुंचे और आज तक दर्शन करने के लिए भी नहीं जा सके। कांग्रेस की बहुसंख्यक समाज से दुश्मनी है। कांग्रेस के राज में भारत का बार-बार मान मर्दन हुआ। पंडित जवाहर लाल नेहरूजी के कपडे़ धोने के लिए पानी बाहर से आता था। देश जब गरीबी झेल रहा था और वे कोट में गुलाब लगा कर घूमते थे। अब राहुल गांधी कहते फिर रहे हैं कि उनकी सरकार आएगी तो वे देश से गरीबी मिटाएंगे, लेकिन इतने वर्षों तक सरकार चलाई फिर भी गरीबी नहीं हटी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में सोनिया गांधी ने पीछे से सरकार चलाई, राजीव गांधी, इंदिरा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सरकारें चलाई लेकिन गरीबी दूर नहीं कर पाए। अब ये बाबू साहब कहते हैं कि हमारी सरकार आएगी तो एक झटके में गरीबी दूर कर देंगे।
कांग्रेस उद्योगपति को मुख्यमंत्री बनाती है, भाजपा गरीब को मौका देती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब मुख्यमंत्री बनाती है तो किसी उद्योगपति को बनाती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी में एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बनता है, एक गरीब मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बनता है। यह सिर्फ भाजपा में ही होता है। कांग्रेस की पहचान ही झूठ बोलने की है। कांग्रेस हमेशा से झूठ के सहारे राजनीति करती रही है। कांग्रेस में ऊपर से लेकर नीचे तक कोई कानून को मानता नहीं है। सब घमंडी लोग हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी, तो उनके तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी ने कहा था कि मैं 1 रुपए भेजता हूं, 15 पैसे पहुंचते हैं। आज नरेंद्र मोदी जी की सरकार है। किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपए भेजे जा रहे हैं तो 6 हजार रुपए किसानों के खातों में सीधे पहुंच रहे हैं। किसी का 1 रुपए भी कम नहीं हुआ है। लाडली बहनों को साढ़े 12 सौ मिलना चाहिए, उनको साढ़े 12 सौ रुपए मिल रहे हैं।
सारे बेईमान परेशान है, एक लाइन में खड़े हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम लोकसभा सीट के थांदला में आयोजित रोड शो में शामिल होकर यहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अब घमंडिया गठबंधन के सारे बेईमान परेशान हैं, एक लाइन में खड़े हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को अब सभी गाली बक रहे हैं। इस बार का चुनाव ईमानदारी और बेईमानी के बीच का चुनाव है। इस घमंडिया गठबंधन के कई नेता जेल में है तो कई जमानत पर बाहर हैं। यह चुनाव ऐसे व्यक्ति के बीच में हो रहा है जिसका न कोई मकान, न कोई दुकान, न जमीन, न बच्चे जिनका खुद के जीवन के लिए कोई उपभोग नहीं है, लेकिन वे पूरे देश के लिए जी रहे हैं। भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए उनकी सुबह भारत माता की सेवा के साथ होती है। वे बिना अवकाश लिए लगातार 25 साल से जनता की सेवा में लगे हुए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रोड शो करके थांलदा की जनता का अभिवादन स्वीकार किया एवं उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
कांग्रेस आदिवासियों की इज्जत उछालती है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आदिवासियों की पगड़ी उसकी इज्जत है, उसका मान-सम्मान है, लेकिन कांग्रेस आदिवासियों की पगड़ी को उछालती है। उनके नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर आए तो उन्हें आदिवासियों ने पगड़ी पहनाई, लेकिन उन्होंने उनकी पगड़ी को उछाल दिया। कांग्रेस को यह माथे की पगड़ी फेंकना बहुत महंगा पड़ेगा। यह आदिवासियों की इज्जत है। कांग्रेस तो ऐसी रेल में बैठी है, जिसमें न आगे इंजन है और न ही पीछे इंजन है। यह तो डूबता हुआ जहाज है।
कांग्रेस महिलाओें और गरीबों का अपमान करती है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में गरीबों का अपमान बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। जो गरीबों का अपमान करे, ऐसे लोगों को सरकार में नहीं रहना चाहिए। एक कलेक्टर साहब ने एक ड्राइवर की औकात पूछी तो हमने उनको घर भेज दिया। भाजपा की सरकार में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। खुले में मांस-मटन नहीं बिकने देंगे। यह निर्णय लागू कराया। कांग्रेस महिलाओं का अपमान करती है, कांग्रेस की ये गलत दृष्टि है। इसको जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस अपने कर्मों की सजा भुगत रही है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों से मर रही है, कदम-कदम पर गलतियां की है। इन्होंने मुस्लिम लीग के आगे घुटने टेके और बंटवारा कराया। 1906 से 1936 तक भारत में देशभक्त मुसलमान और मुस्लिम लीग के बीच चुनाव होता था, देशभक्त मुसलमान जीतते थे। देशभक्त मुसलमानों ने कभी भी पाकिस्तान की मांग नहीं की। कांग्रेस हमेशा डबल चश्मे से देखती है। 250 सालों तक अंग्रेजों ने हिन्दुस्तान को लूटा और यहां के संसाधनों का भरपूर उपयोग किया और बाद में अपने साथ ले भी गए। अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस को छोड़ गए।
भाजपा ने हमेशा से विकास पर ध्यान दिया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने हमेशा से विकास पर ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में माताओं, बहनों को गैस सिलेंडर मिले। गरीबों को मकान मिले। प्रदेश की भाजपा सरकार में भी गरीबों, किसानों, महिलाओं, बहनों, युवाओं सहित हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू की गईं हैं। लाडली बहना योजना से बहनों को उनका सम्मान मिला है।
कांग्रेस सरकारों का जनता से कोई वास्ता नहीं था
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर में प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मंदसौर के डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, समाजसेवी, प्रबुद्धजनों से मुझे चर्चा का सुअवसर प्राप्त हुआ है। 2014 के पूर्व देश में अधिकांश समय ऐसी सरकारों का शासन रहा, जिनका जनता के सरोकार से कोई वास्ता नहीं था। उनकी बनाई हुई नीति धरातल पर उतरती ही नहीं थी। यदि कोई योजना धरातल पर उतरती भी थी तो उससे किसी भी जनमानस का कोई लाभ नहीं हो पाता था। कांग्रेसी और उनकी समकक्ष विचारधारा की सरकारों के निर्णयों का लाभ सिर्फ और सिर्फ सरकार में बैठे व्यक्ति और उनके परिवारों को ही मिलता था, लेकिन 2014 के बाद भारत में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी के नेतृत्व में ऐसा क्रांतिकारी परिवर्तन आया है कि मोदीजी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने जितनी भी योजनाएं बनाई उन योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक समाज, प्रत्येक वर्ग के लोगों को मिल रहा है। 2014 के पहले देश में रह रहे कई व्यापारी टैक्स देने से बचते नजर आते थे, लेकिन 2014 के बाद आप सभी प्रबुद्धजनों की तरह देश के करोड़ों व्यापारियों ने टैक्स की राशि का सदुपयोग होता देख ईमानदारी से सरकार को टैक्स जमा किया है। अंग्रेजों के शासनकाल में बनाई गई दंड संहिता में कई खामियां थीं उसे मोदी सरकार द्वारा कई सुधारों के साथ न्याय संहिता का नाम देकर देश में लागू किया गया। और भी कई सुधार आने वाले समय में लागू होंगे। आज भारत को विश्व पटल पर प्रधानमंत्री श्री मोदीजी के नेतृत्व में कई मुस्लिम देशों द्वारा सम्मानित किया गया। विरोधी दल भाजपा के नाम से अल्पसंख्यकों को डराने का ही कार्य करते रहे हैं। भाजपा के दस वर्ष के शासन में किसी भी देशभक्त, अमनपसंद अल्पसंख्यक व्यक्ति का कोई नुकसान भारत के किसी भी हिस्से में नहीं हुआ है। आज देश में व्यापारी ईमानदारी से व्यापार कर उसके हिस्से का टैक्स सरकार को जमा करवा रहे हैं। हम ऐसे क्रांतिकारी सुधारों के नाम पर ही आपसे एक बार फिर वोट मांग रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी देश में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति तथा उनके बच्चों के भविष्य की चिंता करते हुए कांग्रेसी ठगबंधन से प्रतिस्पर्धा में चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि सोनिया गांधी, लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल परिवारवाद को सुरक्षित रखने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौरान राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, श्री बजरंग पुरोहित, श्री कैलाश चावला, श्री गोपीकृष्ण नेमा, श्री यशपाल सिंह सिसौदिया, श्रीमती रमादेवी गुर्जर, श्री नानालाल अटोलिया, श्री अरविंद सारस्वत, श्री अजय आसेरी, श्री विकास सुराणा, श्री ईश्वर सिंह पंवार, श्री विजय अठवाल श्री शिवराज सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेता ने ली भाजपा की सदस्यता
प्रबुद्धजन सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक खिंची ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भाजपा का डुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।
ये रहे उपस्थित
गरोठ विधानसभा के भानपुरा में आयोजित जनसभा में श्री चंदर सिंह सिसौदिया, श्री देवीलाल धाकड़, श्री नानालालजी, श्रीमती दुर्गा पाटीदार, श्रीमती मनुप्रिया, श्री राजेंद्र चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। महिदपुर विधानसभा में आयोजित जनसभा में श्री बहादुर सिंह चौहान, श्री सतीश मालवीय, श्री किशन सिंह भटोल, श्री ओम जैन, श्री बहादुर सिंह, श्री अशोक कटारिया, श्री मदन सांकला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment