जो रामजी का नहीं, वो किसी काम का नहीं

बैरसिया में भाजपा प्रत्याशी श्री आलोक शर्मा के समर्थन में आयोजित रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनता को किया संबोधित
- पत्थर से तो घायल होते हुए देखा है, लेकिन पहली बार फूलों से भी घायल होते देखा, मन गदगद हो गया
- यह चुनाव देश के मान-सम्मान का चुनाव है
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

 KHABAR NATION
भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्री आलोक शर्मा के समर्थन में बैरसिया विधानसभा में रोड शो किया एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पत्थर से घायल होते तो देखा था, लेकिन फूलों से घायल होते हुए पहली बार देखा है। जिस तरह से बैरसियावासियों ने फूलों की बारिश की है, अपना प्रेम बरसाया है उससे मन गदगद हो गया है। यह बैरसिया के लोगों का प्रेम है। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव देश के मान-सम्मान और श्रीराम मंदिर का चुनाव है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 2014 में जब आपने भाजपा को वोट दिया, तो देश से आतंकवाद का सफाया हो गया। दूसरी बार 2019 में वोट दिया था तो अयोध्या में श्रीरामलला विराजमान हो गए, भव्य मंदिर का निर्माण हो गया, कश्मीर से धारा 370 हटा दी गई, तीन तलाक विरोधी कानून लागू हो गया। अब तीसरी बार का वोट देश के मान-सम्मान के लिए देना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जो श्रीराम का नहीं है, वह किसी भी काम का नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विश्वगुरू बनने की तरफ बढ़ रहा है। तीसरी बार श्रीमान नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाकर हमें भारत को विश्वगुरू बनाना है, इसलिए इस बार का वोट भी भाजपा को ही मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बैरसिया में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार की शाम भोपाल जिले के बैरसिया में भाजपा प्रत्याशी श्री आलोक शर्मा के समर्थन में 1 किलोमीटर का रोड शो किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय बस स्टेण्ड चौराहा से चौपड़ बाजार तक खुले रथ पर सवार होकर, हाथों में कमल का प्रतीक लेकर जनता का अभिवादन किया और पार्टी प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद मांगा। रोड शो के दौरान यात्रा मार्ग की दोनों तरफ की सड़कें भगवामय हो गयीं। जनता ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा कर मोदी-मोदी के गगनभेदी नारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोड-शो के दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत करने क्षेत्र की जनता उमड़ पड़ी। समाज के हर वर्ग के पुरुष, महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे और जगह-जगह मंच से पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। अनेक स्थानों पर आतिशबाजी की गई।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ रथ पर भाजपा प्रत्याशी श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री विष्णु खत्री एवं भोपाल ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री केदार सिंह मंडलोई भी सवार रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment