इंदौर में 3-4 जनवरी को फ्रेण्ड्स ऑफ एम.पी. कॉन्क्लेव
मुख्यमंत्री चौहान 4 जनवरी को उद्घाटन सत्र को करेंगे संबोधित
कॉन्क्लेव में 4 जनवरी को होंगे तीन विशेष सत्र
भोपाल। दुनिया के दूसरे देशों में बसे मध्यप्रदेश के लोगों के लिये फ्रेण्ड्स ऑफ एम.पी. कॉन्क्लेव 3 जनवरी से इंदौर में शुरू हो रहा हैं। कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश के विकास में विदेशों में बसे मध्यप्रदेशवासियों के योगदान पर प्रमुख रूप से चर्चा होगी। कॉन्क्लेव को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 4 जनवरी को संबोधित करेंगे।
कॉन्क्लेव के पहले दिन 3 जनवरी को शाम को विदेशों में बसे मध्यप्रदेशवासियों के लिये सांस्कृतिक संध्या रखी गई हैं। इसी दिन रात में होलकर राजवंश की ऐतिहासिक धरोहर राजवाड़ा में लाइट एण्ड साउण्ड शो भी रखा गया हैं।
कॉन्क्लेव में 4 जनवरी को सुबह 9.30 बजे उद्घाटन सत्र होगा। उद्घाटन सत्र में मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति होगी। इसी दिन मुख्य सचिव बी.पी. सिंह पिछले दशकों में मध्यप्रदेश के विकास की जानकारी देंगे। इसके बाद फ्रेण्ड्स ऑफ एम.पी. कॉन्क्लेव को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे।
उद्घाटन सत्र के बाद कॉन्क्लेव के पहले सत्र में एमएसएमई के प्रमुख सचिव व्ही.एल. कांताराव 'एम.पी. मीट्स एम.पी.'' पर प्रस्तुतिकरण देंगे। इस सत्र में उन हस्तियों का उल्लेख किया जायेगा, जिन्होंने दूसरे देशों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की हैं। दूसरे सत्र में आयुक्त नगरीय विकास विवेक अग्रवाल 'मध्यप्रदेश के विकास के लिये तैयार की गई कार्य-योजना वर्ष 2022'' पर प्रस्तुतिकरण देंगे। इस सत्र के समन्वयक प्रमुख सचिव पर्यटन हरिरंजन राव होंगे। तीसरे सत्र में प्रमुख सचिव जनसम्पर्क एस.के. मिश्रा मध्यप्रदेश के विकास में फ्रेण्ड्स ऑफ एम.पी. की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। इस सत्र के समन्वयक आयुक्त जनसम्पर्क पी. नरहरि होंगे।
कॉन्क्लेव का समापन 4 जनवरी की शाम 5 बजे होगा। समापन सत्र को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल संबोधित करेंगे।
फ्रेण्ड्स ऑफ एम.पी. की शुरूआत मध्यप्रदेश में एक फरवरी, 2015 से की गई थी। इसके गठन का मकसद उन लोगों के लिये एक फोरम तैयार करना था जो मध्यप्रदेश मूल के हैं और जिन्होंने दुनिया के दूसरे देशों में शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, टेक्नालॉजी और वित्तीय क्षेत्र में ख्याति अर्जित की हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)