नर्मदा जयंती पर मुख्यमंत्री ने की बुदनी घाट पर पूजा-अर्चना

नगर को मिली 44.55 करोड़ की सौगात 
 

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले में नर्मदा जयंती के अवसर पर शाम को धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ सीहोर जिले में बुदनी पहुँचे। मुख्यमंत्री ने यहाँ नर्मदा घाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण और सुख समृद्धि की मंगल कामना की। साथ ही नर्मदा सेवा मिशन के अन्तर्गत नगर के लिए 44.55 करोड़ रुपये लागत की सीवरेज परियोजना का शिलान्यास किया।
 

मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर 278 हितग्राहियों को आवास हेतु भूमि के पट्टे और 12 गाँवों के चौंतीस महिला स्व-सहायता समूहों को 20.70 लाख रुपये सामुदायिक निवेश निधि प्रदान की। बुदनी नगर परिषद मे 104 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 13 कार्य प्रगति पर हैं। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये तथा जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाश झा के निर्देशन मे निर्मित 'नमामि देवी नर्मदे''-नर्मदा सेवा यात्रा पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
 

इस अवसर पर म.प्र. वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा विजय सिंह राजपूत सहित अन्य जन-प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या मे श्रद्धालु उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment