मण्डीदीप में आज अंत्योदय मेला

32 हजार से अधिक हितग्राही होंगे लाभान्वित 
 

200 करोड़ के कार्यो का होगा लोकार्पण 
 

भोपाल। मण्डीदीप में 28 दिसम्बर को प्रस्तावित अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 200 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यो का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न कल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं से 32 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। कार्यक्रम में केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार के मंत्री शामिल होंगे।
 

अंत्योदय मेले में ब्रिज कार्पोरेशन द्वारा 22 करोड़ रुपए की लागत के मण्डीदीप से सलकनी रोड, नगरपालिका मण्डीदीप के अंतर्गत तीन करोड़ रुपए लागत के बस स्टेण्ड, एक करोड़ 58 लाख रुपए की लागत के व्यवसायिक कॉम्पलेक्स, 3 करोड़ रुपए लागत के फायर स्टेशन एक करोड़ रुपए लागत के ल्यूपिन पार्क, एक करोड़ रुपए लागत के शौचालय निर्माण तथा 15 लाख रुपए लागत की एम्बुलेंस का लोकार्पण किया जाएगा। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 125 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य, एक करोड़ रुपए लागत के कलियासोत पहुंच मार्ग तथा दो करोड़ रुपए लागत के चेनालाईजेशन ऑफ नाला का लोकार्पण किया जाएगा।
 

अंत्योदय मेले में विभिन्न कल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं से 32 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आश्रय योजना से 5 हजार हितग्राहियों को, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी क्षेत्र मण्डीदीप, औबेदुल्लागंज तथा सुल्तानपुर के 600 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 2200 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा एक हजार हितग्राहियों को साईकिल वितरित जाएगी तथा 2932 छात्रों को छात्रवृति वितरित की जाएगी। प्रधानमंत्री बीमा योजना से 10 हजार हितग्राहियों को, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से 500 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा तथा 1800 हितग्राहियों का खाद्य विभाग द्वारा पात्रता पर्ची वितरित की जाएगी।
 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह होंगे। साथ ही केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, उमा भारती, नरेन्द्र सिंह तोमर और थावरचंद गेहलोत सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के अनेक मंत्री शामिल होंगे। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment