पहले सत्ता के माध्यम से सेवा की, अब संघर्ष के माध्यम से सेवा करेंगे : राकेश सिंह
जबलपुर, शहडोल, रीवा संभाग की बैठक को प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने किया संबोधित
खबर नेशन / Khabar Nation
जबलपुर। मध्यप्रदेश में जब हम सत्ता में थे, तब भी जनता की सेवा कर रहे थे और आज हम विपक्ष में है तो संघर्ष के माध्यम से जनता की सेवा करेंगे और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हमारा यह संघर्ष जारी रहेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने जबलपुर, शहडोल एवं रीवा संभाग की संगठन पर्व के तहत आयोजित संभागीय बैठक को संबोधित करते हुये कही।
श्री राकेश सिंह ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं को किसान आक्रोश आन्दोलन की सफलता की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हितों पर जिस तरह कुठाराघात कर रही है उसके विरोध के लिये आगे भी सभी बड़े संघर्ष के लिये तैयार रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का संगठन और यहाँ के कार्यकर्ता पूरे देश में अलग पहचान रखते हैं। यह प्रदेश पितपुरूष स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता जी और प्यारेलाल खंडेलवाल जी जैसे संगठनकर्ताओं का है। राष्ट्रीय नेतृत्व भी हमसे अपेक्षा रखता है कि यहाँ जो कार्य होंगे वह शत प्रतिशत पूरे होंगे, और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में आन्दोलन करने के साथ साथ संगठन चुनाव में अपने दायित्व का निर्वहन भी करेंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने आगामी मण्डल चुनाव निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि 9 एवं 10 नवंबर को पूरे प्रदेश में एक साथ मंडलो के चुनाव होंगे। प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी श्री हेमंत खण्डेलवाल ने संगठन के आगामी स्तर के चुनाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विनोद गोटियां, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा शर्मा, प्रदेश मंत्री श्री कन्हईराम रघुवंशी, सांसद श्री ढालसिंह बिसेन, श्री कैलाश सोनी, श्रीमती सम्पतिया उइके, पूर्व मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर सहित जिलों के निर्वाचन अधिकारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, महापौर उपस्थित थे।