भोपाल: MP कांग्रेस ने लगाया नेताओं की जुबान पर ताला !
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने नेताओं के बयानों को लेकर लगातार हो रहे विवाद के बीच बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने प्रदेश के नेताओं और अधिकृत प्रवक्ताओं को अगले तीन दिनों तक सार्वजनिक बयान देने से रोक दिया है।
पार्टी के निर्देश के अनुसार, इस अवधि में केवल अधिकृत प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ही पार्टी का आधिकारिक पक्ष रखा जाएगा। इसके अलावा किसी भी नेता या प्रवक्ता को मीडिया में व्यक्तिगत बयान देने की अनुमति नहीं होगी।
निर्देशों के तहत कांग्रेस नेताओं पर तीन दिनों तक टीवी डिबेट में शामिल होने और मीडिया को बाइट देने पर भी रोक लगा दी गई है। पार्टी का उद्देश्य विभिन्न मुद्दों पर अलग-अलग नेताओं के बयानों से पैदा होने वाले विवादों और भ्रम की स्थिति से बचना बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में नेताओं के बयानों को लेकर लगातार राजनीतिक विवाद सामने आए थे। इसी को देखते हुए संगठन ने अनुशासन बनाए रखने और पार्टी का संदेश एक समान तरीके से जनता तक पहुंचाने के लिए यह निर्णय लिया है।
पार्टी का मानना है कि अधिकृत मंचों से ही आधिकारिक प्रतिक्रिया दिए जाने से अनावश्यक बयानबाजी पर रोक लगेगी और संगठन की रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा। तीन दिन की अवधि पूरी होने के बाद आगे की रणनीति पर पार्टी नेतृत्व फैसला करेगा।
भोपाल: MP कांग्रेस ने लगाया नेताओं की जुबान पर ताला !