साध्वी का उक्त बयान मोदी जी के स्वच्छता अभियान का मजाक उड़ाना: नरेन्द्र सलूजा
खबर नेशन/Khabar Nation
सांसद प्रज्ञा ठाकुर से कांग्रेस ने पूछा कि वे बताये कि वो नाली व शौचालय की सफाई के लिए सांसद नहीं बनी है तो फिर क्या करने के लिए सांसद बनी है ? क्या विवादास्पद बयान देने के लिए सांसद बनी है ?
भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कांग्रेस की ओर से भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से पूछा कि आपने कहा है कि आप नाली व शौचालय की सफाई कराने के लिए सांसद नहीं बनी है तो आप खुद ही बताएं कि आप किस लिए सांसद बनी है? क्या आप मुंबई बम ब्लास्ट में शहीद हेमंत करकरे जैसे शहीदों का अपमान करने के लिए सांसद बनी है? शहीदों की शहादत का मजाक उड़ाने के लिए सांसद बनी है? क्या आप राष्ट्रपिता के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने के लिए सांसद बनी है? राष्ट्रपिता की हत्या का मजाक उड़ाने के लिये सांसद बनी है क्या? अपने बयानो से समाज को बाटने के लिये सांसद बनी है क्या? मालेगांव बम ब्लास्ट, सुनील जोशी हत्याकांड जेसे विवादास्पद मामलों से बचने के लिये सांसद बनी है क्या?
सलूजा ने कहा कि सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने ऐसा कहकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाया है। एक तो उनके स्वच्छता मिशन को आईना दिखाया है, वहीं दूसरी ओर उनकी हाल ही की भाजपा के जनप्रतिनिधियो को दी गयी नसीहत को भी आईना दिखाया है। अब देखना होगा कि भाजपा उन पर क्या कार्रवाई करती है? पूर्व में राष्ट्रपिता के अपमान पर तो दिखावटी खानापूर्ति वाला नोटिस देकर मामले को खत्म कर दिया गया था लेकिन अब तो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आईना दिखाया है। अब देखना होगा कि भाजपा उन पर क्या कार्रवाई करती है? कर भी पाती है या नहीं?