नेतृत्व के मामले में उजागर हुआ कांग्रेस का दिवालियापनः राकेश सिंह

राजनीति Jul 02, 2019

राकेश सिंह ने कहा-विचारधारा, सिद्धांत नहीं एक परिवार पर आधारित है कांग्रेस

खबर नेशन/Khabar Nation   

भोपाल। कांग्रेस किसी विचारधारा या सिद्धांत पर आधारित पार्टी नहीं है। यह सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करने वाली पार्टी है, जिसके किसी नेता में इतनी क्षमता नहीं है कि वह पार्टी को नेतृत्व प्रदान कर उसे आगे बढ़ा सके। यह पार्टी नेतृत्व के लिए सिर्फ एक परिवार पर निर्भर है। इस मामले में पार्टी का दिवालियापन पूरे देश के सामने उजागर हो गया है और पार्टी के नेताओं ने भी इसे मान लिया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने राहुल गांधी को मनाने के लिए कांग्रेस शासित पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

राकेश सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि पार्टी में नेहरू-गांधी परिवार के अलावा किसी नेता को उभरने ही नहीं दिया गया। यदि कुछ समय के लिए इस परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति नेतृत्व के लिए आगे आया भी है, तो उससे इस परिवार के वफादारों ने जिस तरह का सलूक किया है, वह सारा देश जानता है। श्री राकेश सिंह ने कहा कि 100 साल से अधिक पुराने एक राजनीतिक दल के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि उसके नेता, मुख्यमंत्री और अन्य पदाधिकारी योग्यता और अनुभव में उनसे कमतर एक व्यक्ति के सामने सिर्फ इसलिए गिड़गिड़ा रहे हैं कि वह एक विशेष परिवार का है, जिसके नाम पर उन्हें वोट मिलते रहे हैं और वे चुनाव जीतते रहे हैं। 

सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के नेताओं, मुख्यमंत्रियों के बीच चल रहे रूठने-मनाने के इस नाटक ने इस तथ्य को पूरे देश के सामने उजागर कर दिया है कि नेहरू-गांधी परिवार ही इस पार्टी की विचारधारा और सिद्धांत हैं, जिनके दम पर वह राजनीति करती है और जनता से वोट मांगती है।  

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment