पिछली बार की तरह इस बार भी सदस्यता का रिकॉर्ड बनाए युवा मोर्चाः भदौरिया
युवा मोर्चा 15 जुलाई को सदस्यता का महाअभियान चलायेगा : जोशी
खबर नेशन/Khabar nation
भोपाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जो भी काम हाथ में लिया उसमें नए रिकार्ड बनाये हैं। पिछली बार युवा मोर्चा ने सबसे अधिक सदस्य बनाए थे, इस बार भी मोर्चा सदस्यता अभियान में रिकार्ड बनाए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी विधायक अरविन्द भदौरिया ने मंगलवार को सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक में कही।
सदस्यता अभियान को लेकर युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, आयाम समितियों के प्रभारी, सह प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में मोर्चा के प्रदेश प्रभारी, पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता अभियान के सह प्रभारी पंकज जोशी, सह प्रभारी डॉ. कैलाश जाटवा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष भगतसिंह कुशवाह एवं युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव रणदीवे मंचासीन थे।
पार्टी की वैचारिक परंपरा को आगे बढ़ाएं
बैठक को संबोधित करते हुए अरविन्द भदौरिया ने कहा कि भारतीय राजनीति में भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा दल है जो राष्ट्रवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली है कि इस पुरातन वैचारिक परंपरा के हम संवाहक है। सदस्यता अभियान में जुटकर हम इस वैचारिक परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। भदौरिया ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व पूर्व योजना, पूर्ण योजना के आधार पर रणनीति तैयार करता है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया था कि भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी और नतीजों से यह स्पष्ट भी हो गया। यह सब भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सदस्यता अभियान 2024 के चुनावी महासमर और नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की तैयारी है।
संगठन के विस्तार का आधार है सदस्यता अभियान
पंकज जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बड़ी संख्या में युवा वर्ग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समर्थन दिया। युवाओं के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी पुनः सरकार बनाने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिन युवाओं ने हमारी विचारधारा का समर्थन किया, उन्हें सदस्यता अभियान के जरिए जोड़ने का काम करें। जोशी ने कहा कि चुनाव के दौरान जिन बूथों पर हम पिछडे है, उन बूथों को सदस्यता अभियान के माध्यम से मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 6 जुलाई को सदस्यता अभियान की शुरूआत होगी। 15 जुलाई को विशेष सदस्यता अभियान चलाकर युवा मोर्चा रिकार्ड बनाए। मोर्चा के
प्रदेश महामंत्री प्रदीप नायर ने बताया कि 3 से 5 जुलाई के बीच मोर्चा की जिला बैठकें एवं 9-10 जुलाई को मंडल बैठकें आयोजित होंगी। 12 जुलाई को सभी जिला केन्द्रों पर पत्रकारवार्ताएं आयोजित की जाएंगी एवं 15 जुलाई को सदस्यता महाअभियान चलाया जाएगा। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री कृष्णपाल सिंह झाला ने किया।