पुलिस प्रशासन का दोहरा रवैया उजागर करती है आज की घटना: गोपीकृष्ण नेमा
खबर नेशन/Khabar Nation
इंदौर, भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने विधायक आकाश विजयवर्गीय की गिरफ्तारी एवं मुकदमा दर्ज होने की कार्यवाही को राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि इस प्रकरण में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही इस बात की पुष्टी करती है कि पुलिस प्रशासन के द्वारा प्रदेश सरकार के इशारे और राजनैतिक दबाव में कार्य किया जा रहा है।
आपने पुलिस की कार्यप्रणाली को निंदनीय बताते हुए कहा कि जब 15 दिन पूर्व नगर निगम बजट बैठक में कांग्रेसियों द्वारा की गई अभद्रता और हंगामे की मय साक्ष्य दर्ज रिपोर्ट में हंगामे के वीडियों फूटेज एवं हंगामा करने वालों की पहचान करने के बावजूद आज तक किसी की भी गिरफ्तारी होना तो दूर उसमें फरियादी के बयान भी नहीं लिये गये। इन दोनों घटनाओं में पुलिस की अलग-अलग कार्यप्रणाली राजनैतिक दबाव प्रभाव की पुष्टी करती है।
आज की घटना को भारतीय जनता पार्टी ने गंभीरता से लिया है और प्रशासन के इस दोहरे रवैये की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि प्रशासन निष्पक्ष रहे, किसी राजनैतिक सत्ताधारी दल का एजेंट बनकर कार्य ना करे, अन्यथा प्रशासन को इसके परिणाम भुगतना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की ही होगी।